आधार दिखाओ,गैस सिलेंडर ले जाओ… सिर्फ 1580 रुपये में मिल रहा कनेक्शन, जानें कहां और कैसे

गैस की किल्लत के बीच भारत पेट्रोलियम की मिनी भारत गैस योजना राहत लेकर आई है. इस योजना के तहत बिना एड्रेस प्रूफ के भी गैस कनेक्शन मिल रहा है. इससे हजारों लोगों को राहत मिली है. मिनी भारत गैस योजना के तहत व्यक्ति केवल आधार कार्ड दिखाकर कनेक्शन ले सकता है.

मिनी भारत गैस योजना Image Credit:

देश मे बढ़ती गैस किल्लत के बीच एक राहत भरी खबर निकलकर सामने आई है. गौतम बुद्ध नगर समेत गाजियाबाद जैसे शहरों में रहने वाले प्रवासी मजदूरों, छात्रों और किरायेदारों के लिए रसोई गैस कनेक्शन लेना लंबे समय से एक बड़ी चुनौती बना हुआ था. स्थानीय एड्रेस प्रूफ ना होने के कारण उन्हें या तो महंगी और अवैध व्यवस्था का सहारा लेना पड़ता था या फिर बिना गैस के काम चलाना पड़ता था. अब भारत पेट्रोलियम की मिनी भारत गैस योजना ने इस समस्या का सीधा समाधान निकाल दिया है. इस योजना के तहत बिना एड्रेस प्रूफ के भी गैस कनेक्शन मिल रहा है. इससे हजारों लोगों को राहत मिली है.

सिर्फ आधार कार्ड से तुरंत मिलेगा कनेक्शन

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब गैस कनेक्शन लेने के लिए लंबी कागजी प्रक्रिया की जरूरत नहीं है. कोई भी व्यक्ति केवल एक पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड दिखाकर मिनी भारत गैस का कनेक्शन ले सकता है इससे उन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा मिल रहा है, जो किराए पर रहते हैं और उनके पास स्थाई पत्ते का प्रमाण पत्र नहीं होता है. इस मिनी गैस कनेक्शन की कुल कीमत 1580 रुपए रखी गई है इसमें लगभग 600 रुपये की गैस शामिल होती है.जबकि बाकी करीब 980 रुपये सिलेंडर की सिक्योरिटी के रूप में लिए जाते हैं.

5 साल में सिलेंडर वापस करने पर 50 प्रतिशत पैसा भी वापस

यदि उपभोक्ता 5 साल के भीतर कभी भी सिलेंडर वापस करता है तो उसे सिक्योरिटी राशि का करीब 50 प्रतिशत पैसा वापस मिल जाएगा. मिनी भारत गैस के तहत मिलने वाला छोटा सिलेंडर खासतौर पर उन लोगों के लिए डिजाइन किया गया है, जिन्हें कम मात्रा में गैस की जरूरत पड़ती है. यह सिलेंडर आसानी से एक हफ्ते तक चल जाता है. इसे कहीं भी ले जाना बेहद आसान है.छोटे परिवार अकेले रहने वाले छात्र और मजदूरों के लिए यह एक बेहद सुविधाजनक विकल्प बनकर सामने आया है.

लोगों में फैलाई जा रही जागरूकता

डीएसओ स्मृति गौतम ने बताया कि यह मिनी सिलेंडर लगभग हर गैस एजेंसी पर उपलब्ध है. लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए जगह-जगह कैंप भी लगाए जा रहे हैं. नोएडा और गाजियाबाद के लेबर चौक औद्योगिक क्षेत्र और झुग्गी झोपड़ी इलाकों में विशेष अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है. पिछले कुछ दिनों में ही हजारों लोगों ने इस योजना का लाभ उठाया है. इस योजना से लाभ लेने वाले लोगों का कहना है कि जिन लोगों के पास पहले गैस कनेक्शन नहीं था अभी बिना किसी झंझट के छोटे सिलेंडर का कनेक्शन लेकर रोजमर्रा की जरूरतें पूरी कर पा रहे हैं.

Follow Us