मीटिंग में ऐसा क्या हुआ कि ICU पहुंच गया GST अधिकारी? पत्नी ने अपर आयुक्त पर उत्पीड़न का आरोप लगाया
नोएडा में 12 जून को उपायुक्त वेद प्रकाश सिंह की मीटिंग के दौरान बिगड़ गई थी. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अब इस मामले में उनकी पत्नी ने अपर आयुक्त संदीप भागिया पर पति के साथ गाली-गलौज और उन्हें उत्पीड़ित करने का आरोप लगाया है.
ग्रेटर नोएडा में जीएसटी विभाग के एक उपायुक्त की पत्नी ने अपर आयुक्त पर उत्पीड़न समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं. इसकी लिखित शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कर न्यायिक जांच की मांग की गई है. आरोप है कि बैठक में उनके पति के साथ अभद्रता की गई, जिससे वे बेहोश हो गए. उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया. पिछले साल से उच्च अधिकारी उनके पति का उत्पीड़न कर रहे हैं. उन्होंने सीएम से सभी तथ्यों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही वे अपने पति को लेकर वाराणसी चली गई हैं. आरोप है कि उच्च अधिकारी अब समझौता करने का दबाव बना रहे हैं. जबकि उनके पति के अंदर डर बैठ गया है.
मीटिंग में जीएसटी उपायुक्त की तबीयत हो गई थी खराब
जीएसटी विभाग के गौतमबुद्ध नगर जोन के खंड-12 के उपायुक्त वेद प्रकाश सिंह की 12 जून को बैठक के दौरान अचानक तबीयत खराब हो गई थी. बेहोश होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी पत्नी शोभिता सिंह का आरोप है कि 12 जून की दोपहर 4 बजे विभाग के एक अधिकारी का फोन आया और बताया कि वेद प्रकाश सिंह की तबीयत बिगड़ गई है और नोएडा आ जाओ. वह बेटी के साथ अस्पताल पहुंची तो उनके पति आईसीयू में भर्ती थे. वहां डॉक्टरों ने बताया कि कोई शारीरिक बीमारी नहीं है, किसी बात का आघात लगा है और डिप्रेशन में हैं.
पति से अपर आयुक्त ने की गाली-गलौज- पत्नी
जब पति से पूछा तो बताया कि बैठक में अपर आयुक्त संदीप भागिया ने गाली गलौज की और अपमानित करने के मकसद से अभद्रता की. पेन भी फेंककर मारा. उस समय दौरा पड़ा और बेहोश होने के बाद कुछ समझ नहीं आया. उपायुक्त की पत्नी का कहना है कि 14 जून को विभाग के कुछ साथी हालचाल जानने घर आए तो सहमे पति ने उनसे मिलने से इन्कार कर दिया. आरोप है कि 14 जून से अपर आयुक्त पति पर मिलने का दबाव बना रहे हैं जबकि पति ने अपर आयुक्त के सामने जाने से इन्कार कर दिया. उनके अंदर डर बैठ गया है. 15 जून को वह पति को लेकर वाराणसी चली गईं. पत्नी ने सीएम से जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है.
नवंबर 2025 में भी बिगड़ी थी तबीयत
पत्नी शोभिता सिंह ने शिकायत में कहा है कि उनकी बेटी वाराणसी से मेडिकल की पढ़ाई कर रही है. वह बेटी के साथ रहती हैं. पति हर महीने उनसे मिलने आते थे, लेकिन मौजूदा अपर आयुक्त की तैनाती के बाद से दो-दो महीने बाद भी मिलने आना मुश्किल हो गया. नवंबर 2025 में उनकी तबीयत बिगड़ गई. इलाज के बाद वह छुट्टी लेकर वाराणसी चले गए. वहां तबीयत ठीक होने के बाद 31 दिसंबर को फिर से कार्यभार संभाला. उसके बाद भी उनको फिटनेस सर्टिफिकेट के नाम पर परेशान किया गया.
अपर आयुक्त का पक्ष क्या है?
संदीप भागिया अपर आयुक्त, जीएसटी गौतमबुद्ध नगर जोन ने कहा कि उनकी पहले भी उनकी तबीयत बिगड़ चुकी है तब मीटिंग नहीं थी, लेकिन अब मीटिंग में अचानक तबीयत खराब हो गई. उनकी तबीयत अब ठीक है और अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है. उनको कुछ दिन आराम करने को कहा गया है. सभी आरोप गलत हैं और किसी तरह का विवाद नहीं है.