नोएडा का हैंडसम चोर: शादी में सूट-बूट पहन पहुंचा…फिर ले उड़ा रुपयों से भरा पर्स
ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र स्थित ग्रैंड हेरीटेज रिसॉर्ट में 15 अप्रैल को एक हैरान करने वाला वारदात सामने आया.शादी समारोह के दौरान एक युवक सूट-बूट पहनकर मेहमान की तरह कार्यक्रम में शामिल हुआ.फिर मौका देखकर एक महिला का पर्स उठा लिया और आराम से वहां से फरार हो गया. महिला के पर्स में तकरीबन 70 हजार रुपये थे.
शादी-ब्याह का लगन चल रहा है. नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी शादी ब्याह का सीजन अपने चरम पर है. चारों तरफ रोशनी संगीत और खुशियों का माहौल है. लेकिन इसी बीच इन शादियों में चोरों का आतंक भी तेजी से बढ़ने लगा है. ये चोर बेहद शातिर तरीके से चोरी को अंजाम दे रहे हैं. वह सूट-बूट पहनकर शादियों में आते हैं, लोगों को लगता है मेहमान हैं. फिर इसी भरोसे का फायदा उठाकर शातिर तरीके से चोरी को अंजाम दे देते हैं.
ग्रेटर नोएडा की घटना से खुली पोल
इस शातिर गिरोह की पोल तब खुली जब ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र स्थित ग्रैंड हेरीटेज रिसॉर्ट में 15 अप्रैल को एक वारदात सामने आया. शादी समारोह के दौरान एक युवक सूट-बूट पहनकर मेहमान की तरह कार्यक्रम में शामिल हुआ. उसकी वेशभूषा और व्यवहार इतना सामान्य था कि किसी को उसे पर जरा भी शक नहीं हुआ. चोर ने मौका देखकर एक महिला का पर्स उठा लिया और आराम से वहां से फरार हो गया.
महिला के पर्स में थे 70 हजार रुपये
महिला के पर्स में 70 हजार रुपए से ज्यादा की नगदी मोबाइल फोन पहचान पत्र और घर की अलमारी की चाबियां भी मौजूद थी. घटना के बाद जब पर्स गायब होने का पता चला तब तक बहुत देर हो चुकी थी. आरोपी भीड़ में गायब हो चुका था.इस पूरी घटना की वारदात बैंक्विट हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई फुटेज में आरोपी की हर गतिविधि साफ नजर आ रही है जिससे यह साबित होता है कि उसने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया.
CCTV मैं कैद वारदात, आरोपी अब भी फरार
पीड़िता आरती मिश्रा के अनुसार वह एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी. इस बीच वह अपना पर सोफे पर रखकर बाकी अन्य महिला के साथ बातचीत कर रही थी तभी एक शातिर चोर पीछे से आया और उसने मौका देखकर पर्स उठाया और चंद मिनट में वहां से फरार हो गया. जब पीड़िता को यह पता चला तो वह हैरान रह गई.उसने वहा मौजूद लोगों को अपनी आप बीती सुनाई. लोगों ने तुरंत इधर-उधर पर्स तलाशने की काफी कोशिश की. लेकिन पर्स नहीं मिला. जब सीसीटीवी फुटेज खंगाल गया तब सच्चाई सामने आई.
कार्रवाई में जुटी पुलिस
पीड़ित महिला की शिकायत मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी सक्रिय हो गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है. थाना प्रभारी बीटा 2 विनोद कुमार का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगी हुई है. बैंक्विट हॉल और रिसॉर्ट संचालकों को भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं. आम नागरिकों से भी अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की गई है.
