सहारनपुर में घर बनाने का मौका, हाईटेक टाउनशिप के 1460 प्लॉट्स की बुकिंग आज से शुरू

सहारनपुर में मां शाकंभरी देवी आवासीय योजना (फेज-1)' के नाम से एक हाईटेक टाउनशिप विकसित की जा रही है. इस टाउनशिप में कुल 1460 प्लॉट विकसित किए जाएंगे, जिन्हें दो चरणों में आवंटित किया जाएगा.इसके लिए आज यानी 21 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन की भी शुरूआत हो गई है.

सहारनपुर में 1460 प्लॉट के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू (सांकेतिक तस्वीर)

सहारनपुर में घर लेने का सपना पूरा होने वाला है. यहां एक आधुनिक और सुनियोजित टाउनशिप विकसित की जा रही है. यह टाउनशिप ‘मां शाकंभरी देवी आवासीय योजना (फेज-1)’ के नाम से जाना जाएगा. खास बात यह है कि इस टाउनशिप के प्लॉटों का रजिस्ट्रेशन आज यानी 21 अप्रैल 2026 से शुरू हो गई. आप 20 मई 2026 तक इसके लिए अप्लाई कर सकते हैं. यह योजना हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर बनाई गई है, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने बजट और जरूरत के अनुसार प्लॉट चुन सके.

कहां बन रही है टाउनशिप, क्यों है लोकेशन खास?

यह टाउनशिप सहारनपुर शहर के चुन्हेटी-टपरी रोड स्थित मिनी बाईपास पर विकसित की जा रही है.करीब 52.97 हेक्टेयर भूमि पर बनने वाली यह योजना शहर की भीड़भाड़ से थोड़ी दूरी पर है. लेकिन कनेक्टिविटी के लिहाज से काफी बेहतर मानी जा रही है.शहर के प्रमुख इलाकों से इसकी दूरी लगभग 8 से 10 किलोमीटर बताई जा रही है.विशेषज्ञों की मानें तो यह लोकेशन आने वाले समय में तेजी से विकसित होने वाली है, क्योंकि मिनी बाईपास और आसपास के क्षेत्र में पहले से ही इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है.ऐसे में यहां प्लॉट लेना भविष्य के लिहाज से भी एक अच्छा निवेश माना जा रहा है.

कितने प्लॉट और किस साइज में मिलेंगे?

इस पूरी योजना के तहत कुल 1460 प्लॉट विकसित किए जाएंगे, जिन्हें दो चरणों में आवंटित किया जाएगा.पहले चरण में ही बड़ी संख्या में प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में भी सैकड़ों प्लॉट तैयार किए जाएंगे. अगर प्लॉट के साइज की बात करें, तो इसे हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. 112.50 वर्ग मीटर का प्लॉट छोटे परिवारों और सीमित बजट वाले लोगों के लिए रखा गया है. 162 वर्ग मीटर का प्लॉट मध्यम वर्ग के लिए रखा गया है. बेहतर स्पेस चाहने वालों के 200 वर्ग मीटर का प्लॉट दिया जाएगा. बड़े और प्रीमियम प्लॉट का साइज 288 वर्ग मीटर रखा गया है.

कितनी लागत से बन रही है योजना?

इस टाउनशिप को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है.पहले चरण में करीब 37 हेक्टेयर क्षेत्र में विकास कार्य किया जा रहा है. इसपर लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.इस बजट में सड़क, बिजली, पानी, सीवर, पार्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निर्माण शामिल है.अधिकारियों के मुताबिक, कोशिश की जा रही है कि टाउनशिप को एक आधुनिक और स्मार्ट रिहायशी क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए.

टाउनशिप में मिलने वाली सुविधाएं

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी आधुनिक सुविधाएं हैं. आमतौर पर लोग जब प्लॉट खरीदते हैं तो उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए अलग से संघर्ष करना पड़ता है, लेकिन इस टाउनशिप में पहले से ही सभी जरूरी सुविधाओं को शामिल किया गया है. बेहतर ट्रैफिक और आवागमन के लिए दी जा रही हैं. साथ ही भूमिगत बिजली व्यवस्था, पानी की नियमित सप्लाई, सीवर सिस्टम, ग्रीन एरिया और पार्क, सीसीटीवी निगरानी, बच्चों के लिए खेल मैदान, ईवी चार्जिंग स्टेशन, पुलिस चौकी, कमर्शियल एरिया की फैसिलिटीज दी जाएंगी.

कैसे करना होगा रजिस्ट्रेशन?

इस टाउनशिप को एक “मॉडर्न स्मार्ट कॉलोनी” के रूप में विकसित किया जा रहा है. जो लोग इस योजना में प्लॉट लेना चाहते हैं, वे 21 अप्रैल से 20 मई 2026 के बीच SDA दफ्तर में आवेदन कर सकते हैं.आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी रखने का दावा किया जा रहा है.आवेदकों को तय समय सीमा के अंदर आवेदन करना होगा, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया (जैसे लकी ड्रॉ या आवंटन) प्राधिकरण के तय नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी.

दूसरे चरण में क्या होगा प्लान?

इस टाउनशिप का यह केवल पहला चरण है.इसके बाद दूसरे चरण में भी प्लॉट विकसित किए जाएंगे.इसके साथ ही कुछ हिस्से को व्यावसायिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखा गया है. इसका मतलब यह है कि भविष्य में यहां सिर्फ रिहायशी इलाका ही नहीं बल्कि एक छोटा “सेल्फ-सस्टेनेबल एरिया” विकसित होगा, जहां रहने के साथ-साथ रोजगार और व्यवसाय के भी अवसर मिलेंगे.

क्यों खास है यह योजना, क्या कहते हैं जानकार?

रियल एस्टेट से जुड़े जानकारों का मानना है कि सहारनपुर जैसे शहर में इस तरह की योजनाएं काफी कम देखने को मिलती हैं.आमतौर पर अनियोजित कॉलोनियां तेजी से विकसित हो जाती हैं, जहां बाद में सुविधाओं की कमी रहती है. लेकिन यह टाउनशिप एक प्लान्ड डेवलपमेंट है, जहां शुरुआत से ही सभी जरूरी सुविधाओं को ध्यान में रखा गया है.इससे न केवल लोगों को बेहतर जीवनशैली मिलेगी, बल्कि शहर का समग्र विकास भी होगा.

कुल मिलाकर देखा जाए तो सहारनपुर में विकसित हो रही यह नई टाउनशिप शहर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.एक तरफ जहां लोगों को आधुनिक सुविधाओं के साथ प्लॉट मिलेंगे, वहीं दूसरी तरफ शहर को एक नया व्यवस्थित रिहायशी क्षेत्र भी मिलेगा. यह टाउनशिप सहारनपुर के रियल एस्टेट सेक्टर में एक बड़ा बदलाव ला सकती है.

Follow Us