नोएडा की इस सोसाइटी में 5 दिन से पानी के लिए हाहाकार, मेंटेनेंस स्टाफ गायब; 5000 लोग परेशान
नोएडा के सेक्टर 168 स्थित एक सोसाइटी में पिछले 5 दिनों से पानी नहीं आ रहा है. जल संकट ने 5000 निवासियों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. मेंटेनेंस स्टाफ ताला लगाकर फरार हो गया है. बार-बार शिकायत के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है, जिससे निवासियों में भारी नाराजगी है.
नोएडा के एक्सप्रेसवे स्थित सेक्टर 168 में लोटस जिंग सोसाइटी में पिछले 5 दिनों से पानी संकट ने विकराल रूप ले लिया है. करीब 5000 की आबादी वाली सोसायटी में लोगों को पानी के लिए लंबी-लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है. हालात इतने खराब है कि लोग नहाने कपड़े धोने और पीने के पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं.
निवासियों का आरोप है की समस्या को लेकर कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई स्थाई समाधान नहीं हो पाया है. समिति के लोगों का आरोप है कि जल संकट के बीच मेंटेनेंस स्टाफ जिम्मेदारी निभाने के बजाय कार्यालय में ताला लगाकर गायब हो गया है. लोगों का कहना है की शिकायत करने पर हर बार केवल आश्वासन दिया जाता है, कार्रवाई नहीं होती.
टैंकरों के सहारे जिंदगी, बूंद बूंद को तरसे लोग
सोसाइटी में रहने वाली मोना सिंह ने बताया कि पिछले 5 दिनों से पानी नहीं आने के कारण लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. रोजमर्रा की जरूरत को पूरा करना मुश्किल हो गया है. बाल्टी में पानी भरकर दौड़ना पड़ रहा है और टैंकरों के सहारे किसी तरह दिन गुजर रहे हैं. इसके बावजूद अब तक कोई स्थाई समाधान नहीं निकला गया है.
समिति के निवासी एवं रिटायर्ड कर्नल विजय छिबरा ने बताया की हालत बेहद चिंताजनक हो गए हैं. लेकिन मेंटेनेंस विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है. महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को टैंकरों से पानी भरने और उसे घर तक ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. समिति में बिजली कटौती की समस्या भी बनी रहती है.
रिश्तेदारों के घर जाकर नहाने को मजबूर लोग
सोसायटी की निवासी श्रेया ने बताया कि पानी की किल्लत के कारण उन्हें अपने रिश्तेदारों और परिचितों के घर जाकर नहाना धोना पड़ रहा है. मेंटेनेंस कर्मचारी रोज आजकल कहकर मामला टाल देते हैं लेकिन समाधान की दिशा में काम नहीं हो रहा है. हर महीने लाखों रुपए मेंटेनेंस शुल्क के रूप में वसूले जाते हैं लेकिन बदले में मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं.
पुलिस से लेकर मुख्यमंत्री तक लगाई न्याय की गुहार
जल संकट से परेशान सैकड़ो निवासियों ने पुलिस प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों से शिकायत की. इतना ही नहीं कई लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री तक अपनी बातें पहुंचने की कोशिश की है. जब प्राधिकरण के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जल आपूर्ति संबंधी समस्या प्राधिकरण की ओर से नहीं है.
प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि समिति के भीतर लगे तीनों पंप खराब हो गए हैं. इन पंपों का रखरखाव सही तरीके से किया गया या नहीं इसकी जानकारी उनके पास नहीं है. हालांकि मामला संज्ञान में है और जल्द ही समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. फिलहाल, पानी की किल्लत से सोसायटी के करीब 5000 लोग परेशान हैं.