नोएडा की PG में असम की युवती का कत्ल, बॉयफ्रेंड के कमरे में मिली लाश; क्या है माजरा?
नोएडा के एक PG में असम की रहने वाली 19 वर्षीय महक अहमद का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया है. उसका शव बॉयफ्रेंड रमन के कमरे में मिला, जो घटना के बाद से ही फरार है. शुरुआती जांच में शराब पीने को लेकर विवाद की बात सामने आई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, कॉल डिटेल खंगाली जा रही है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे यूपी के नोएडा में एक असम की रहने वाली 19 वर्षीय युवती का बेरहमी से कत्ल का मामला सामने आया है. युवती का लहूलुहान शव उसके बॉयफ्रेंड के कमरे में मिला है. यह वारदात नोएडा के बरौला गांव स्थित एक पीजी का है. युवक इस पीजी के पहली मंजिल पर किराए का कमरा लेकर रह रहा था. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक युवती के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं.
बताया जा रहा है कि यह जख्म किसी धारदार हथियार से वार के हैं. घटना के बाद से ही आरोपी युवक कमरे में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया है. पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में शराब पीने को लेकर विवाद की बात सामने आई है. हालांकि पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है.
3 हफ्ते पहले आई थी नोएडा
पुलिस के मुताबिक युवती की पहचान असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली महक अहमद के रूप में हुई है. वह 12वीं तक की पढ़ाई कर चुकी थी. करीब 3 हफ्ते पहले ही वह अपने माता-पिता को बिना बताए नोएडा आ गई थी. यहां वह अपनी पुरानी सहेली संजना के साथ बरौला गांव स्थित पीजी में रह रही थी. इसी मकान की पहली मंजिल पर बिहार के कटिहार निवासी रमन भी कमरा लेकर रहता था. पुलिस के अनुसार रमन बीटेक कर चुका है और एक आईटी कंपनी में काम भी कर चुका है. हालांकि अभी कुछ समय से बेरोजगार था.
शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि 8 अगस्त की रात महक और उसकी सहेली संजना कमरे के बाहर लॉबी में थी. इसी दौरान रमन अपने कमरे के बाहर बैठकर शराब पी रहा था. किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहा सुनी हुई थी. इसके अगले दिन यानी 9 अगस्त को संजना किसी काम से बाहर चली गई. जबकि महक पीजी में ही थी. कुछ समय बाद जब संजना वापस लौटी तो महक कमरे में नहीं मिली. उसने महक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद था.
ऐसे हुआ खुलासा
कुछ घंटे बाद पीजी में रहने वाले लोगों को रमन के कमरे से दुर्गंध का एहसास हुआ, लेकिन कमरे में बाहर से ताला बंद था. शक होने पर मकान मालिक को सूचना दी गई. इसके बाद मकान मालिक ने ही पुलिस को सूचना दी. इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस फोरेंसिक टीम की मदद से मामले की जांच कर रही है. महक और रमन की कॉल डिटेल, चैट और मोबाइल की अन्य गतिविधियों की भी जांच की जा रही है.