शादी से इनकार पर हैवान बने आशिक, नोएडा में लड़की की मां को घोंपा चाकू; मिर्जापुर GF की ले ली जान

उत्तर प्रदेश के नोएडा और मिर्जापुर में प्रेम प्रसंग से जुड़ी दो खौफनाक वारदातें सामने आई हैं. नोएडा में शादी से इनकार पर एक सनकी आशिक ने लड़की की मां को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए. वहीं, मिर्जापुर में भी एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया. पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के नोएडा और मिर्जापुर में दो अलग अलग खौफनाक वारदात हुई हैं. नोएडा के हरौला में एक सनकी आशिक ने लड़की की मां को चाकू घोंप दिया. इससे उसकी मौत हो गई. वहीं उत्तर प्रदेश के ही मिर्जापुर में सनकी आशिक ने अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है. यह दोनों मामले शनिवार देर रात के हैं.

पहले नोएडा की घटना जान लीजिए. यहां हरौला में शनिवार की देर रात एक युवक शादी से इनकार करने पर लड़की के घर में घुस आया. उसने पूरे परिवार पर चाकू से हमला किया. इस दौरान चाकू लगने से लड़की की मां की मौत हो गई. जबकि लड़की और उसकी बहन के अलावा पिता गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

बिहार का रहने वाला है परिवार

पुलिस के मुताबिक पीड़ित परिवार बिहार में छपरा का रहने वाला है. इस परिवार में सुरेंद्र शर्मा, अनी पत्नी और दो बेटियों के साथ हरौला में किराए का घर लेकर रहते हैं. आरोप है कि बरेली निवासी हरिराम यादव का सुरेंद्र शर्मा की बड़ी बेटी ज्योति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. चूंकि परिवार ने इनके रिश्ते को मानने से इनकार कर दिया था. इसलिए आरोपी ने इस तरह की हरकत की है. आरोप है कि हरिराम काफी समय से ज्योति पर शादी का दबाव बना रहा था. एक बार ज्योति की शादी तय हुई तो उसने रिश्ता तुड़वा दिया. वह पहले भी इस परिवार पर हमले कर चुका है.

मिर्जापुर में गर्लफ्रेंड की हत्या

उधर, मिर्जापुर में एक युवक ने एक लड़की की हत्या कर दी और शव को नाले में फेंककर फरार हो गया. किशोरी का शव घर से 200 मीटर की दूरी पर मिला है. पुलिस के मुताबिक इस वारदात के पीछे भी प्रेम प्रसंग की कहानी सामने आई है. मामला मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र के बसारी गांव की है. पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाली कविता बिन्द शनिवार की रात परिजनों के साथ खाना खाने के बाद सोने चली गई थी. सुबह मां की जब नींद खुली तो कविता बिस्तर पर नहीं थी. खोजबीन के दौरान उसका शव पास के नाले में मिला. परिजनों ने सुखनई गांव में रहने वाले साजन उर्फ राजन पर हत्या का आरोप लगाया है.

इतनी सी बात पर किया मर्डर

परिजनों ने बताया कि आरोपी कविता से फोन पर बातचीत करता था. कुछ दिन पहले वह बिना बुलाए एक रिश्तेदारी में पहुंच गया. इसका परिवार ने विरोध किया तो आरोपी ने कविता की हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक कविता के के पिता मोहन बिन्द आर्केस्ट्रा संचालक हैं. वारदात के वक्त काम के सिलसिल में बाहर गए थे. पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Follow Us