गजब! ऑर्डर किया था एंड्रॉयड मोबाइल, पैकेट में निकला गोबर; ऑनलाइन शॉपिंग में युवक से धोखा
ग्रेटर नोएडा के एक युवक को ऑनलाइन शॉपिंग करना महंगा पड़ गया. उसने एंड्रॉइड मोबाइल ऑर्डर किया था, लेकिन पार्सल में गोबर मिला. पैकेट खोलते ही युवक के होश उड़ गए. युवक ने पुलिस में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है. यह घटना ऑनलाइन खरीददारी में बढ़ती ठगी को दर्शाती है.
ग्रेटर नोएडा की दनकौर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक युवक को ऑनलाइन शॉपिंग में धोखा मिला है. युवक ने अपने काम के लिए ऑनलाइन एंड्राइड डिवाइस बुक किया था. इसके लिए उसने वेबसाइट के जरिए पूरी रकम का ऑनलाइन भुगतान भी कर दिया. लेकिन जब सोमवार शाम पार्सल घर पहुंचा और युवक ने उसे खोला तो उसके होश उड़ गए.
पीड़ित युवक आकाश नगर के मुताबिक, उसे उम्मीद थी कि तय समय पर उसका सामान कोरियर के जरिए घर पहुंच जाएगा. सोमवार शाम करीब 5 बजे डिलीवरी एजेंट पैकेट लेकर पहुंचा. पैकेट मिलने के बाद युवक ने उसे खोला तो अंदर एंड्रॉयड डिवाइस नहीं था. उसकी जगह पैकेट में गोबर भरा हुआ मिला. यह देखकर युवक हैरान रह गया.
ऑनलाइन बुकिंग से जुड़े विवरण जांच रही पुलिस
ऑर्डर किए गए सामान की जगह गोबर मिलने के बाद युवक ने ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी और विक्रेता के खिलाफ शिकायत करने का फैसला किया. उसने दनकौर पुलिस से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है. आरोप है कि उसने वेबसाइट पर भरोसा करके डिवाइस के लिए पूरी रकम चुकाई थी. इसके बावजूद उसे धोखा मिला.
वहीं पुलिस का इस पूरी मामले में कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग के दौरान इस्तेमाल किए गए वेबसाइट भुगतान से जुड़े विवरण और डिलीवरी प्रक्रिया समेत अन्य मामलों की जांच की जा रही है. जांच में आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सही ऑनलाइन ऐप या कंपनी से ही करें खरीदारी
ऑनलाइन खरीदारी को लेकर धोखाधड़ी आए दिन सामने आते हैं. एक्सपर्ट का कहना है कि ऑनलाइन खरीदारी करते समय सही वेबसाइट, सही कंपनी का चयन करना जरूरी है. किसी थर्ड पार्टी से ऑनलाइन शॉपिंग बिल्कुल भी ना करें. किसी भी वेबसाइट से ऑनलाइन ऑर्डर करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की अच्छी तरह जांच करना जरूरी होता है.
