रैपिड रेल के पूरे कॉरिडोर का इस दिन उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी, देंगे और भी सौगातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी 2026 को रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा वह मोहिउद्दीनपुर में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. इस दौरान वह मेरठ को कई अन्य सौगातें देंगे.

रैपिड रेल

दिल्ली-मेरठ के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. लंबे इंतजार के बाद नमो भारत रैपिड रेल (RRTS) के पूरे कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो के उद्घाटन की तारीख तय हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी 2026 को इसकी औपचारिक शुरुआत करेंगे. इस दिन से नमो भारत ट्रेन दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक चलेगी.

इस शुरुआत के साथ ही पूरा 82 किलोमीटर लंबा दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ RRTS कॉरिडोर चालू हो जाएगा. वर्तमान में यह सेवा न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक सीमित है, जहां रोजाना करीब 60 हजार यात्री सफर कर रहे हैं. उद्घाटन के बाद दिल्ली के बाकी स्टेशन जैसे सराय काले खां, और मेरठ के मोदीपुरम, शताब्दी नगर, बेगमपुल भी पूरी तरह शामिल हो जाएंगे. साथ ही, मेरठ मेट्रो भी इसी दिन से शुरू होगी.

पीएम मोदी नरेंद्र मोदी मोहिउद्दीनपुर में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे

22 फरवरी को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोहिउद्दीनपुर में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. यहीं पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर नई टाउनशिप विकसित की जा रही है. मेरठ मेट्रो मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक RRTS ट्रैक पर ही चलेगी. इसमें कुल 13 स्टेशन होंगे, जिससे मेरठ के बाहरी इलाकों से शहर के अंदरूनी हिस्सों तक आसान कनेक्टिविटी मिलेगी. यात्री RRTS और मेट्रो के बीच इंटरचेंज कर सकेंगे, जो यात्रा को और सुविधाजनक बनाएगा.

30 हजार करोड़ रुपये की है ये परियोजना

यह परियोजना NCRTC द्वारा संचालित है, जिसकी कुल लागत करीब 30 हजार करोड़ रुपये है. निर्माण मार्च 2019 में शुरू हुआ था, लेकिन कुछ देरी के कारण अब 2026 में पूरा हो रहा है. नमो भारत ट्रेन की अधिकतम स्पीड 160 किमी/घंटा है, जबकि मेरठ मेट्रो की 120 किमी/घंटा होगी. इससे दिल्ली-मेरठ का सफर महज 55-60 मिनट में पूरा हो जाएगा, जो पहले सड़क मार्ग से 3-4 घंटे लगता था. यह दिल्ली-NCR के लिए एक बड़ा वरदान साबित होगा.