महिला सम्मान से खिलवाड़ का ‘ऑन द स्पॉट’ हिसाब, आरोपी नौशाद के पैर में पुलिस ने मारी गोली
सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हुआ था. इसमें एक शख्स महिला के साथ छेड़खानी करते हुए शर्मनाक करतूत करते दिख रहा था. अब मुरादाबाद पुलिस ने आरोपी को पैर में गोली मारकर उसकी हरकतों का ऑन द स्पॉट हिसाब कर दिया है.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के मुगलपुरा थाना इलाके के बरवलान चौकी इलाके में एक बुर्कानशीं महिला के साथ सरेराह अश्लील हरकत और बदतमीजी करने वाले मुख्य आरोपी नौशाद को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. दरअसल यह मामला तब प्रकाश में आया जब सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें आरोपी की शर्मनाक करतूत साफ़ तौर पर दिखाई दे रही थी. वीडियो वायरल व छेड़छाड़ की इस मामले ने शहर में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे.
घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आई थी. मुरादाबाद जनपद के एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने आरोपी की पहचान के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया था. पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी नौशाद का पता लगाया था, जो नगर के ही कटघर इलाके का निवासी है.
आरोपी के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ बरवलान इलाके में रामगंगा नदी पर हुई है, जहां आरोपी ने पकड़े जाने के डर से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी है. इसके बाद घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अपराधी के पास से पुलिस ने अवैध तमंचा जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं.
पुलिस ने क्या बताया?
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर पुलिस टीमों ने तत्काल जांच-पड़ताल तेज कर दी थी. महिला की पहचान करना भी एक बड़ी चुनौती थी. लेकिन पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद पीड़ित महिला को लोकेट किया और उनसे संपर्क साधा था. महिला की तहरीर और पहचान के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया और उसकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया गया था.
पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि आरोपी नौशाद रामगंगा नदी के किनारे पुल के पास कहीं छिपा हुआ है और जिले से बाहर भागने की फिराक में है, पुलिस टीम ने आरोपी के चिन्हित स्थान पर घेरा, तो आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी थीं. जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा था.
