इंस्टा पर ‘बाप हूं तेरा’ कमेंट को लेकर भड़का युवक, दो भाइयों को मारी गोली; एक की हालत गंभीर
अलीगढ़ में इंस्टा पर एक कमेंट को लेकर गुस्साए युवक ने दो भाइयों पर फायरिंग कर दी. दोनों भाइयों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना की सूचना के बाद मौके पर एसपी सिटी आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन सर्वम सिंह और दो थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई.
अलीगढ़ के क्वार्सी थाना इलाके के नगला पटवारी में कब्रिस्तान के पास दो युवकों के बीच इंस्टाग्राम पोस्ट पर टिप्पणी को लेकर वाद-विवाद हो गया.बताया जाता है कि किसी अदनान नामक युवक ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया.उसपर अयान नामक युवक ने बाप हूं तेरा कमेन्ट लिख दिया.इसी को लेकर अदनान ने अयान को रास्ते में रोक लिया. जहां दोनों के बीच झगड़ा हो गया.
झगड़े की सूचना के बाद दोनों पक्षों से बड़े भी शामिल हो गए. अदनान पक्ष से किसी बाबू नाम के युवक ने अवैध तमंचे से गोली चला दी.गोली अयान पक्ष से पहुंचे समीर के सीने में जा धंसी. बड़े भाई के गोली लगते देख समीर के छोटे भाई फैजान ने पकड़ने की कोशिश की तो उसके तमंचे की बट मारकर बाबू फरार हो गया.
एक की हालत गंभीर
फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप बच गया.इधर घायल समीर और फैजान को आनन-फानन में साथियों ने मिलकर जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचा.जहां दोनों का उपचार चल रहा है.समीर की हालत क्रिटिकल बताई जा रही है. घटना की सूचना के बाद मौके पर एसपी सिटी आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन सर्वम सिंह और दो थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई.
पुलिस ने क्या बताया
क्षेत्राधिकारी सर्वम सिंह ने बताया है कि रात लगभग 9:00 बजे थाना क्वार्सी पर सूचना प्राप्त हुई कि नगला पटवारी क्षेत्र में कब्रिस्तान के पास दो बच्चों में झगड़ा हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के बड़े भी इंवॉल्व हो गए, जिसमें बाबू पक्ष के किसी व्यक्ति द्वारा फायर किया गया. सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया.मजरूब समीर पुत्र शाकिर को तत्काल जेएनएमसी भर्ती कराया गया है. प्रकरण में टीमों को गठित कर आरोपित पक्ष की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी.
