तीन दिन में तीन बार बदली गंगा एक्सप्रेसवे की टोल दरें, अब 1800 की बजाय देने होंगे इतने रुपये

गंगा एक्सप्रेस वे पर पहले टोल दरें 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर के आधार पर तय की गई थीं. 594 किलोमीटर लंबे पूरे एक्सप्रेसवे पर कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों (LMV) के लिए कुल टोल 1,514 रुपये तय हुआ था. फिर इसे बदलकर 1,800 रुपये कर दिया गया. अब गुरुवार को एक बार फिर हल्के वाहनों की टोल दरों में बदलाव किया गया है.

गंगा एक्सप्रेस वे (सांकेतिक तस्वीर)

देश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों 29 अप्रैल 2026 को हुआ.लेकिन उद्घाटन से पहले और बाद में टोल दरों को लेकर यूपीडा उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में भारी उलझन रही.महज तीन दिनों में टोल रेट्स तीन बार बदले गए, जिससे यात्रियों के बीच हैरानी और चर्चा का विषय बन गया.

पहले टोल दरें 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर के आधार पर तय की गई थीं. 594 किलोमीटर लंबे पूरे एक्सप्रेसवे पर कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों (LMV) के लिए कुल टोल 1,514 रुपये तय हुआ था. यह दरें दिसंबर 2025 के थोक मूल्य सूचकांक (WPI) के आधार पर तय की गई थीं. उद्घाटन से ठीक पहले 29 अप्रैल को यूपीडा ने नई दरें जारी कीं.अब हल्के वाहनों के लिए एक तरफ का टोल बढ़ाकर 1,800 रुपये कर दिया गया. दोपहिया, तीनपहिया और पंजीकृत ट्रैक्टर चालकों को 905 रुपये चुकाने पड़ते.

गुरुवार को फिर बदली गईं टोल दरें

यूपीडा ने स्पष्ट किया कि ये दरें एक्सप्रेसवे के पहले टोल प्लाजा से आखिरी टोल प्लाजा तक की पूरी एकल यात्रा पर लागू होंगी. लेकिन मामला यहीं नहीं रुका. बुधवार यानी 29 अप्रैल को को 1,800 रुपये तय होने के बाद गुरुवार 30 अप्रैल को फिर इसमें संशोधन किया गया. अब कार जैसे हल्के वाहनों के लिए टोल 1,765 रुपये कर दिया गया. इसमें से 1,365 रुपये अडानी एंटरप्राइजेज और 440 रुपये आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेंगे.

अभी टोल नहीं वसूला जा रहा

एक्सप्रेसवे अभी प्रायोगिक दौर यानी ट्रॉयल रन चल रहा है.इसलिए उद्घाटन के बाद बुधवार रात 12 बजे से जनता के लिए खुलने के बावजूद किसी भी वाहन से टोल नहीं लिया जा रहा है.जलालाबाद (शाहजहांपुर) के पास कलक्टरगंज टोल प्लाजा पर गुरुवार दोपहर दो बजे तक करीब 450 वाहन गुजर चुके थे.हर घंटे औसतन 40 वाहन आवाजाही कर रहे हैं.लोग उत्साह से नई सड़क पर फर्राटा भर रहे हैं.

24 घंटे के अंदर वापसी पर 20% डिस्काउंट

यूपीडा अधिकारियों का कहना है कि टोल दरों में मामूली बदलाव WPI और अन्य तकनीकी गणनाओं के आधार पर किया गया है.अंतिम दरें जल्द ही स्थिर हो जाएंगी और टोल वसूली शुरू हो जाएगी. 24 घंटे के अंदर वापसी पर 20% डिस्काउंट की सुविधा भी यात्रियों को राहत देगी

Follow Us