वर्दी का रौब और शादी का झांसा… महिला से दरोगा ने एक साल तक किया रेप, अब हुआ सस्पेंड
प्रतापगढ़ में एक दरोगा ने वर्दी का दुरुपयोग कर महिला को शादी का झांसा दिया और उसके साथ एक साल तक रेप किया. महिला की शिकायत पर मामले का खुलासा हुआ है. आरोपी दरोगा पहले से शादीशुदा और बच्चों का पिता है. एसपी प्रतापगढ़ ने आरोपी दरोगा को तत्काल सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. यह घटना पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाली है.
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक दरोगा की करतूत ने पूरे पुलिस महकमे को शर्मसार कर दिया है. यहां एक दरोगा ने एक महिला को पहले वर्दी का रौब दिखाया, फिर खुद अविवाहित होने की बात कहते हुए उसे शादी का झांसा दिया और करीब एक साल तक झांसे में लेकर रेप करता रहा. वहीं अब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
इसी क्रम में एसपी प्रतापगढ़ ने आरोपी को सस्पेंड कर दिया है. मामला प्रतापगढ़ में मांधाता थाना क्षेत्र का है. पीड़िता ने एसपी को दिए शिकायत में बताया कि आरोपी दरोगा अर्जुन सिंह से उसकी पहचान एक मुकदमे के सिलसिले में हुई. वह मामले की पैरवी के लिए थाने पर गई थी. जहां आरोपी अर्जुन सिंह ने उसे झांसे में लिया और फिर शादी का झांसा देकर उसके साथ अवैध संबंध बनाए.
आए दिन होटल में बुलाता था दरोगा
पीड़िता का आरोप है कि दरोगा अर्जुन सिंह अक्सर उसे प्रतापगढ़ बुलाता था और अलग-अलग होटलों में ले जाता था. जहां उसके साथ आरोपी संबंध बनाता था. लंबे समय तक इस तरह का खेल जारी रहने के बाद पीड़िता ने 17 जून 2026 को आरोपी से शादी की बात की. उस समय आरोपी ने टालने की कोशिश की, लेकिन जब वह शादी के लिए दबाव बनाने लगी तो आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया. यही नहीं, आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी.
शादी शुदा है आरोपी
पीड़िता के मुताबिक आरोपी का नया रंग देखने के बाद उसने पड़ताल की तो पता चला कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है. उसके बच्चे भी हैं. इस जानकारी के बाद पीड़िता ने महिला थाना, प्रतापगढ़ में आरोपी के खिलाफ 27 जून 2026 को शिकायत दी. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. वहीं मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी प्रतापगढ़ ने आरोपी दरोगा को सस्पेंड करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं.
