नोएडा से प्रयागराज… कौन सा रूट है सबसे बेस्ट? गंगा एक्सप्रेस-वे से यात्रा पर कितना खर्च आएगा?

अब तक आप नोएडा से प्रयागराज जाने के लिए दो रूट का इस्तेमाल कर सकते थे. यमुना एक्सप्रेसवे, और NH-19. हालांकि, अब यहां से प्रयागराज जाने के लिए लोगों को गंगा एक्सप्रेस वे के तौर पर एक और विकल्प मिलने जा रहा है. तीनों रूट में दूरी तकरीबन एक बराबर है. लेकिन समय, टोल और यात्रा में लगने वाले ईंधन के खर्च में अंतर है.

नोएडा से प्रयागराज जाने के लिए कौन सा रूट सबसे बेहतर Image Credit:

उत्तर प्रदेश तेजी से देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे नेटवर्क वाला राज्य बन रहा है. इसके हर कोने से एक्सप्रेस वे से जोड़ने की तैयारी है. 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेस वे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे, जो मेरठ से शुरू होकर प्रयागराज में खत्म होगी. लेकिन क्या आपको पता है, नोएडा, गाजियाबाद से प्रयागराज की सड़क यात्रा में आपके पास विकल्पों की कमी नहीं है.

अगर आप नोएडा से प्रयागराज जाना चाहते हैं तो अब तीन रूट अपना सकते हैं. पहला यमुना एक्सप्रेसवे, दूसरा NH-19 रूट या फिर नया खुलने जा रहा है गंगा एक्सप्रेसवे. तीनों रूट में दूरी( 670 से 680 किलोमीटर) तकरीबन एक बराबर है. लेकिन समय, टोल और यात्रा में लगने वाले ईंधन के खर्च में अंतर है.

यमुना-आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे रूट

नोएडा से प्रयागराज जाने के लिए इस समय सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला रूट यमुना एक्सप्रेस और आगरा एक्सप्रेस वे है. आप सबसे पहले यमुना एक्सप्रेस वे का इस्तेमाल करते हुए आगरा पहुंचेंगे. फिर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के जरिए प्रदेश की राजधानी पहुंचेंगे. फिर यहां कानपुर और फतेहपुर होते हुए प्रयागराज पहुंच जाएंगे. इस रूट का इस्तेमाल करते हुए 90–100 किमी/घंटा की औसत स्पीड में आप नोएडा से प्रयागराज 9 से 10 घंटे में पहुंच जाएंगे.

यमुना, फिर आगरा एक्सप्रेस वे पर सफर करते हुए कुल टोल तकरीबन 1,100 रुपये से 1,300 रुपये के बीच आएगा. प्रति किलोमीटर लगभग 1.7 रुपये से 1.9 रुपये का टोल. एक्सप्रेस पर गाड़ी के औसत माइलेज को अगर 16 किलोमीटर मान लें तो 680 किमी के सफर में लगभग 42–43 लीटर पेट्रोल खर्च होगा. प्रति लीटर पेट्रोल की कीमत 95.7 रुपये के आसपास है. ऐसे में 43 लीटर पेट्रोल के लिए आपको करीबन 4,000 रुपये खर्च करने होंगे. टोल मिलाकर इस रूट पर सफर करने पर आपका कुल खर्च 5,200 रुपये से 5,400 रुपये तक पहुंच जाएगा.

NH-19/34 का रूट

वहीं, अगर आप नोएडा से प्रयागराज के लिए पारंपरिक नेशनल हाईवे- NH-19/34 का रूट लेते हैं तो इसकी दूरी 670 किलोमीटर आएगी. यह रूट अलीगढ़, हाथरस, कानपुर और फतेहपुर जैसे शहरों से होकर गुजरेगा. इस बीच इन शहरों के अंदर ट्रैफिक, सिग्नल और लोकल मूवमेंट आपके सफर के समय को बढ़ा देंगे. इस रूट का इस्तेमाल करते हुए आपको तकरीबन 13 घंटे का समय लग सकता है. हालांकि, इस रूट पर आपको टोल कम देना पड़ेगा. यह 600 से 800 के बीच आएगा, जो प्रति किलोमीटर 1 रुपये से 1.2 रुपये पड़ेगा.

NH-19/34 का रूट का इस्तेमाल करते हुए आपकी गाड़ी के माइलेज पर भारी असर पड़ेगा. बार-बार ट्रैफिक, शहरों के अंदर लोकल मूवमेंट के चलते गाड़ी का माइलेज गिरकर 14 किमी/लीटर तक आ सकता है. कुल पेट्रोल की खपत भी बढ़कर 47 से 48 लीटर तक पहुंच सकती है. ऐसे में पेट्रोल का खर्च तकरीबन 4500 से 4600 रुपये पहुंचेगा. टोल मिलाकर आपको कुल 5,200 से 5,300 रुपये का खर्च आएगा. इस रूट पर लगने वाले समय के चलते आप ड्राइविंग करते वक्त बुरी तरह से थक भी सकते हैं.

उद्घाटन के बाद गंगा एक्सप्रेस वे रूट

29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेस वे का उद्घाटन होगा. फिर इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा. मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे हाई-स्पीड, एक्सेस-कंट्रोल्ड और आधुनिक तकनीक से लैस होगा. नोएडा से मेरठ और फिर वहां से प्रयागराज की दूरी जोड़ ले तो तकरीबन 680 किमी का डिस्टेंस आएगा. इस एक्सप्रेस वे पर गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटे रखा गया है. स्मूथ ड्राइविंग और हाई स्पीड एक्सप्रेस वे के चलते आप इस रूट से नोएडा से प्रयागराज सिर्फ 7.5 से 8.5 घंटे में पहुंच सकते हैं.

हालांकि, इस एक्सप्रेस वे पर आपको टोल के लिए ज्यादा रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं. अनुमानित दर 2.55 रुपये प्रति किमी के हिसाब से मेरठ से प्रयागराज तक ही करीब 1,500 रुपये से अधिक का टोल बनेगा. नोएडा और मेरठ के बीच लगने वाले टोल को जोड़कर यह करीब 1,600 रुपये से 1,650 रुपये तक पहुंच सकता है. यह अन्य रूट के मुकाबले अधिक है.

इस एक्सप्रेस पर ड्राइविंग स्मूथ रहेगा. ऐसे में आपकी गाड़ी का माइलेज 17 किमी/लीटर तक रह सकता है. पेट्रोल की खपत तकरीबन 40 लीटर रहेगा. अगर इसे प्रति लीटर की कीमत से कैलकुलेट करें तो 40 लीटर पर 3,800 रुपये का पेट्रोल खर्च आएगा. अब इसमें टोल जोड़ दें तो आपको प्रयागराज पहुंचने के लिए 5,400 रुपये से 5,500 रूपये देना होगा.

खर्च में ज्यादा अंतर नहीं, लेकिन समय में ज्यादा फर्क

तीनों रूट पकड़ने पर खर्च में मुश्किल से 200 से 300 रुपये के आसपास का अंतर है. लेकिन आपको NH-19 रूट रुट पकड़ने पर प्रयागराज पहुंचने में 2 से 4 घंटे ज्यादा लगेंगे. वहीं यमुना–आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे के जरिए प्रयागराज 9 से 10 घंटे में हीं पहुंच जाएंगे. वहीं, 29 अप्रैल से गंगा एक्सप्रेस वे का इस्तेमाल करते हुए महज 7.5 से 8.5 घंटे में ही प्रयागराज पहुंच जाएंगे. लेकिन इसपर टोल ज्यादा देना होगा. इससे आपके कुल खर्च में 200 से 300 रुपये का इजाफा हो जाएगा.

Follow Us