सपा नेता पवन यादव हत्याकांड में एक्शन, पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी घायल; प्रधान पति समेत 4 पकड़े

प्रयागराज में सपा नेता पवन यादव हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हुई, जिसमें हिस्ट्रीशीटर लल्ला यादव और निहाल घायल हो गए. वहीं, पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसमें प्रधान पति भी शामिल है.

पवन यादव हत्याकांड में एक्शन, मुठभेड़ में 2 घायल, 4 गिरफ्तार Image Credit:

समाजवादी पार्टी नेता पवन कुमार यादव हत्याकांड में हंडिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस और हत्याकांड में शामिल आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों को गोली लगी है. घायल आरोपियों की पहचान हिस्ट्रीशीटर लल्ला यादव और निहाल के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.

पुलिस के मुताबिक, पवन यादव की हत्या के मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में प्रधान पति भी शामिल बताया जा रहा है. पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या की वजह, साजिश और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

हंडिया थाना पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़

दरअसल, मंगलवार शाम सपा नेता पवन कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. बताया गया कि बाइक सवार तीन हमलावरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी.

इसी कार्रवाई के दौरान हंडिया थाना पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हो गई. पुलिस की कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर लल्ला यादव और निहाल घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा. वहीं, दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जिसमें प्रधान पति भी शामल है.

मुआवजा, सरकारी नौकरी और शस्त्र लाइसेंस की मांग

वहीं, पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद पवन यादव के परिजन शव लेकर रवाना हो गए. पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को मुठभेड़ में दो आरोपियों के घायल होने की जानकारी दी. हालांकि, परिजनों की ओर से मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, सुरक्षा और शस्त्र लाइसेंस दिए जाने की मांग की जा रही है.

परिजनों ने इन मांगों को लेकर प्रशासन के सामने अपनी बात रखी है. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है. पूछताछ और आगे की कार्रवाई के बाद हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों को सामने आना बाकी हैं.

Follow Us