बेटे-बेटी को खंभे में बांधा, फिर ताबड़तोड़ बरसाए डंडे; जिगर के टुकड़ों के लिए क्यों हैवान बनी मां?

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक मां ने अपने ही मासूम बेटे-बेटी को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस घटना ने लोगों में आक्रोश भर दिया है, जहां कोई इसे बच्चों के प्रति क्रूरता कह रहा है तो कोई अनुशासन की सीख. पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है, और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

राय बरेली में बच्चों को खंभे से बांधकर पीटने का वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक महिला ने अपने ही बेटे-बेटी को खंभे में बांधकर बुरी तरह से पिटाई की है. वारदात रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र में चिंता खेड़ा गांव की है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो पर लोग तरह तरह का कमेंट कर रहे हैं. कोई इसे बच्चों के साथ क्रूरता करार दे रहा तो कई लोग बच्चों में अनुशासन की सीख बता रहा है. वहीं इस वीडियो पर संज्ञान लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो बीती रात का है. आरोप है कि इस गांव में रहने वाली विमला नाम की महिला ने किसी बात से नाराज होकर अपने मासूम बेटे और बेटी को घर के बाहर खंभे से बांध दिया. वायरल वीडियो में दोनों बच्चे खंभे से बंधे हुए हैं और रोते-बिलखते नजर आ रहे हैं. वहीं महिला इन दोनों को डांटते और मारते हुए दिखाई दे रही है. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी वहां जमा हो जाते हैं, लेकिन किसी ने भी महिला को रोकने की कोशिश नहीं की.

पड़ोसी ने बनाया वीडियो

इस घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी पड़ोसी ने ही अपने मोबाइल फोन से बना लिया और थोड़ी ही देर बाद सोशल मीडिया में डाल दिया. देखते ही देखते यह वीडियो तेजी से वायरल होने लगा. इस वायरल वीडियो को देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया. सोशल मीडिया पर लोग महिला की इस हरकत को “तालिबानी सजा” बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि बच्चों के साथ इस तरह की क्रूरता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जा सकती.

जांच में जुटी पुलिस

वीडियो वायरल होने पर सरेनी थाना पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस ने इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है और बच्चों व ग्रामीणों से पूछताछ की जाएगी. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी. फिलहाल यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को अनुशासन सिखाने के नाम पर इस तरह की क्रूरता उचित नहीं है.

Follow Us