गुरूजी को चढ़ा इश्क का बुखार, अपनी ही स्टूडेंट से कर बैठे प्यार; खंभे से बांधकर लोगों ने दी ऐसी सजा

रायबरेली में एक स्कूल टीचर ने नाबालिग छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर गुरु-शिष्य परंपरा का अपमान किया. गांववालों को यह बात पता चली तो उन्होंने शिक्षक को बिजली के खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी सारी आशिकी उतर गई. यह घटना रायबरेली के सलोन थाना क्षेत्र की है. हैरानी की बात है कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बावजूद पुलिस को इसकी कोई जानकारी नहीं है.

रायबरेली में पोल से बंधे गुरूजी

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में गुरु शिष्य परंपरा को तार-तार करने वाली खबर सामने आई है. यहां एक स्कूल टीचर ने अपनी नाबालिग छात्रा को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया. वह उसके साथ प्रेम की राह पर आगे बढ़े ही थे कि खबर गांव वालों को हो गई. इसके बाद गांव वालों ने टीचर को पकड़ा और बिजली के खंभे से बांध कर ऐसी सजा दी कि उनकी सारी आशिकी उतर गई है. अब गुरु जी कह रहे हैं कि वह कभी ऐसी हरकत नहीं करेंगे.

मामला रायबरेली के सलोन थाना क्षेत्र का है. आरोपी टीचर की पहचान सीके एजुकेशन घूरनपुर करहिया बाजार में पढ़ाने वाले मनोज यादव के रूप में हुई हैं. वीरभानपुर करहिया गांव वालों के मुताबिक पूरे गांव की लड़कियां इस स्कूल में पढ़ने के लिए जाती हैं. इन्हीं में से एक लड़की को मनोज यादव ने अपने प्रेम जाल में फंसाया और उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की. वह अक्सर छात्रा को महंगी चीजें गिफ्ट में देता था. इसे देखकर परिजनों को शक हुआ और छात्रा पर नजर रखनी शुरू की तो इस प्रेम कहानी का खुलासा हुआ.

खंभे से बांधकर हुई पिटाई

इस स्कूल टीचर के प्रेम प्रसंग का खुलासा होने के बाद गांव के लोग इकट्ठा होकर स्कूल पहुंचे और आरोपी टीचर को पकड़कर पहले स्कूल में ही पिटाई की. इसके बाद घसीटते हुए बाहर लाकर बिजली के खंभे से बांद दिए. इसके बाद हर आने जाने वाले टीचर के ऊपर हाथ साफ किया. इस घटना के बाद गांव वालों ने स्कूल प्रबंधक पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. कहा कि इतना घिनौना काम करने के बाद भी प्रबंधक ने इस टीचर को नहीं हटाया है.

पुलिस को घटना की जानकारी ही नहीं

इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं. बावजूद इसके जिले की पुलिस अब तक बेखबर है. करहिया बाजार कोतवाल राघवन सिंह के मुताबिक इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है. तहरीर मिलने पर पुलिस शिकायत के आधार पर कार्रवाई करेगी. उन्होंने बताया कि एक वीडियो जरूर वायरल हो रहा है, लेकिन यह कब बना है और किसने बनाया है, इसकी जानकारी नहीं है. पुलिस ने इस वीडियो को जांच के लिए लैब भेज दिया है.