कबाड़ में खड़ी थीं 8 एंबुलेंस, DM रामपुर ने किया अनोखा प्रयोग; खूब हो रही सराहना
रामपुर के डीएम ने एक अनोखी पहल की है, जहां कबाड़ में खड़ी 8 पुरानी एंबुलेंस को मॉडिफाई कर आकर्षक वैन शॉप में बदल दिया गया. यह 'जीरो वेस्ट मॉडल' अभियान के तहत 8 परिवारों को रोजगार का अवसर प्रदान करता है, साथ ही शहर की सुंदरता बढ़ाता है. इसस नागरिकों को फास्ट फूड का बेहतर ठिकाना देता है. यह पहल 'कचरा समस्या नहीं, बल्कि संसाधन है' संदेश को चरितार्थ करती है.
उत्तर प्रदेश में रामपुर के डीएम एक अनोखी पहल की वजह से सुर्खियों में हैं. दरअसल कलक्ट्रेट कैंपस में कबाड़ होकर खड़े 8 एंबुलेंस वाहनों का मॉडिफिकेशन कर वैन शॉप का रूप देते हुए रेहड़ी पटरी के लिए आवंटित कर दिया है. ‘जीरो वेस्ट मॉडल’ अभियान के तहत डीएम रामपुर की इस पहल से एक तरफ जहां 8 परिवारों को रोजगार का साधन मिल गया है, वहीं नगर की सुंदरता भी निखर कर सामने आई है. यही नहीं, नगर वासियों को भी फास्टफूड खाने का एक बेहतर ठिकाना मिल गया है.
इसी के साथ डीएम रामपुर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के मुताबिक संदेश देने की कोशिश की है कि “कचरा समस्या नहीं, बल्कि संसाधन है”. डीएम रामपुर के मुताबिक उनके कार्यालय में खड़े ये 8 एंबुलेंस काफी समय पहले ही अपनी उम्र पूरी कर चुके थे. कबाड़ में खड़े ये सरकारी वाहन कलक्ट्रेट के सौंदर्य को भी खराब कर रहे थे. ऐसे में इन सभी एंबुलेंस को नया रूप देने की योजना बनायी गयी. इसमें इन वाहनों को मॉडिफाई कर वैनशॉप का रूप दिया गया.
वेंडिंग जोन में हुआ आवंटन
उन्होंने बताया कि वेस्ट मैनजमेंट पहल के तहत पुराने और अनुपयोगी सरकारी वाहनों को मॉडिफाई कर आकर्षक मोबाइल शॉप के रूप में तैयार किया गया है. इसी के साथ इन्हें वेंडिंग जोन में रेहड़ी-पटरी संचालकों को स्थायी रोजगार के लिये आवंटित किया गया है. रामपुर नगर क्षेत्र के फोटो चुंगी के पास प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत विकसित वेंडिंग जोन में 8 वैनशॉप को रेहड़ी पटरी संचालकों को सौंपा गया है.
जाम और अतिक्रमण से मिलेगी मुक्ति
डीएम रामपुर के मुताबिक नगर क्षेत्र में लंबे समय से अव्यवस्थित ढंग से लगती रेहड़ी-पटरी की दुकानों की वजह से अतिक्रमण और जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी. ऐसे में नगर पालिका द्वारा समय-समय पर अभियान चलाकर इन्हें हटाया जाता था, जिससे इन छोटे कारोबारियों के सामने रोजगार को लेकर संकट की स्थिति बन जाती थी. इस समस्या के समाधान के लिए यह अभिनव पहल की गई है. नगर पालिका परिषद रामपुर द्वारा कबाड़ हो चुके सरकारी वाहनों को मॉडिफाई कर उन्हें वैनशॉप के रूप में परिवर्तित करते हुए फोटो चुंगी के पास एक व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित किया गया है. यहां रेहड़ी-पटरी संचालकों को चिन्हित कर उन्हें स्थायी रूप से व्यवसाय करने का स्थान दिया गया है.
एक ही जगह खरीद सकेंगे कपड़े और फास्ट फूड
वेंडिंग जोन में मोबाइल शॉप के माध्यम से कपड़े, खाने-पीने की वस्तुएं, फास्ट फूड, बच्चों के खिलौने और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी. स्थानीय लोगों के लिए यह स्थान एक छोटे बाजार के रूप में विकसित हो रहा है, जहां उन्हें विभिन्न प्रकार की चीजें आसानी से मिल सकेंगी. जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने प्रत्येक वैनशॉप पर जाकर दुकानदारों से बातचीत की और वहां बेचे जा रहे सामान के बारे में जानकारी प्राप्त की. उन्होंने बताया कि शहर में ऐसे और भी वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे.
