शादी का जश्न, DJ पर नाच रहे थे लोग, तभी अचानक चली गोली, 1 की मौत और पसरा मातम
सहारनपुर के मंडी थाना क्षेत्र में स्थित रामलीला भवन में रिसेप्शन के दौरान डीजे पर नाच-गाना चल रहा था. बड़ी संख्या में मेहमान मौजूद थे. इसी बीच रोहित उपाध्याय नामक युवक ने पिस्टल से हर्ष फायरिंग कर दी. गोली सीधे शिव चरण नामक युवक को जा लगी.
सहारनपुर में शादी की जश्न में डूबे परिवार में मातम पसर गया. दरअसल, थाना मंडी क्षेत्र स्थित रामलीला भवन में देर रात चल रहे रिसेप्शन पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक व्यक्ति की जान चली गई. जहां कुछ देर पहले जश्न चल रहा था वहां अचानक से चीख-पुकार मच गया.
रामलीला भवन में रिसेप्शन के दौरान डीजे पर नाच-गाना चल रहा था. बड़ी संख्या में मेहमान मौजूद थे. इसी बीच रोहित उपाध्याय नामक युवक ने पिस्टल से हर्ष फायरिंग कर दी. गोली सीधे शिव चरण नामक युवक को जा लगी. गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ा और वहां पर चीख-पुकार मच गई.
शहनाइयों की जगह मातमी सन्नाटा
परिजन और मौजूद लोग आनन-फानन में घायल शिव चरण को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया. लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. कुछ देर पहले तक गूंज रही शहनाइयों की जगह मातमी सन्नाटा छा गया.
दूल्हे के ताऊ का दामाद है आरोपी
आरोपी रोहित उपाध्याय दूल्हे के ताऊ का दामाद बताया जा रहा है. वह परिवार के सदस्य के रूप में समारोह में शामिल हुआ था. घटना के बाद से वह मौके से फरार है. सूचना मिलते ही थाना मंडी पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं. संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. उन्होंने साफ कहा कि हर्ष फायरिंग जैसी घटनाओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
