‘सनातनियों के हाथों अगर फंस गया तो…’, इंस्टा पर सांसद चंद्रशेखर से गाली-गलौज और धमकी
नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को इंस्टाग्राम पर धमकी भरा आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया. वीडियो में एक युवक चंद्रशेखर को गाली-गलौज करते हुए सनातनियों का जिक्र कर रहा था. भीम आर्मी कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद पुलिस ने देवबंद से एक युवक को गिरफ्तार किया है.
सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र में सोशल मीडिया पर नगीना सांसद और भीम आर्मी चीफ सांसद चंद्रशेखर आजाद को लेकर एक बेहद ही आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ है. इंस्टाग्राम पर वायरल इस वीडियो में एक युवक सांसद को धमकी भरे लहजे में कहता हुआ दिखाई दे रहा है कि अगर सनातन के हाथों फंस गया तो… बाद में युवक ने गंदी-गंदी गालियां दी.
वीडियो वायरल होने के बाद भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ओर चंद्रशेखर के समर्थकों में गुस्सा भड़क गया. इस मामले में देवबंद विधानसभा क्षेत्र से जुड़े भीम आर्मी नेता नरेंद्र लांबा ने मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आनन फानन में देवबंद से एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए युवक का नाम नितिन बताया जा रहा है.
सांसद की छवि धूमिल करने की नीयत से पोस्ट किया
आरोपी युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए चन्द्रशेखर आजाद को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की. वीडियो में युवक यह कहते हुए नजर आता है कि ‘सनातनियों के हाथों अगर फंस गया तो… और इसके बाद वह अभद्र और अशोभनीय गालियां देता दिखाई देता है. पुलिस का कहना है कि वीडियो सांसद की छवि धूमिल करने की नीयत से पोस्ट किया गया था.
पुलिस का कहना है कि इस तरह के पोस्ट से समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश है. शिकायत के आधार पर थाना देवबंद पुलिस ने आरोपी नितिन उर्फ बोबी पुत्र विनोद, निवासी ग्राम भायला खुर्द, के खिलाफ धारा 196(1)क और 299 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस फिलहाल, आरोपी को गिरफ्तार कर पुछताछ में जुटी है.
वीडियो आपत्तिजनक, अपमानजनक भाषा से भरा हुआ
थाना देवबंद पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा पोस्ट किया गया वीडियो आपत्तिजनक, अपमानजनक और अशोभनीय भाषा से भरा हुआ था, जिससे जनभावनाएं आहत होने और सामाजिक तनाव पैदा होने की आशंका थी. पुलिस आरोपी से पुछताछ जारी है, आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा.