महिला कार्यकर्ताओं के धरने में क्यों पिट गए सुभासपा के जिलाध्यक्ष? वायरल हो रहा वीडियो
सहारनपुर में DPRO ऑफिस पर सुभासपा की महिला कार्यकर्ताओं ने अपने ही जिलाध्यक्ष सुरेश कश्यप की पिटाई कर दी. ग्राम पंचायत सहायक के वेतन विवाद को लेकर प्रदर्शन कर रही महिलाएं DPRO की गैरमौजूदगी से भड़क गईं. इस दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष जब समझाने पहुंचे, तो गुस्साई महिलाओं ने उन्हें चप्पल-थप्पड़ मारे. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पार्टी में कलह उजागर की.
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में DPRO ऑफिस पर प्रदर्शन कर रहीं थी सुभासपा की महिला कायकर्ताओं ने अपनी ही पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेश कश्यप की पिटाई कर दी है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सुभासपा की महिला कार्यकर्ता गंगोह ब्लॉक की एक ग्राम पंचायत सहायक के वेतन से जुड़े विवाद को लेकर डीपीआरओ ऑफिस पहुंची थीं. चूंकि उस समय डीपीआरओ अपने दफ्तर में मौजूद नहीं थे, ऐसे में यह महिलाएं उनके दफ्तर के बाहर ही धरने पर बैठ गईं थी.
इस दौरान सुहेल देव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की इन महिला कार्यकर्ताओं ने डीपीआरओ ऑफिस में खूब बवाल भी काटा. आरोप है कि यहां तैनात कर्मचारियों के साथ धक्का मुक्की भी की. इस दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेश कश्यप मौके पर पहुंचे और इन महिलाओं को समझाने की कोशिश की. इतने में महिलाएं भड़क गई और अपनी पार्टी के जिलाध्यक्ष की ढंग से खबर लेते हुए पिटाई कर डाली.
तीन जिलों से पहुंची थी महिलाएं
ग्राम पंचायत सहायक के वेतन को लेकर उठे विवाद में सहारनपुर ही नहीं, शामली और मुजफ्फरनगर से भी सुभासपा की महिला कार्यकर्ता सहारनपुर के डीपीआरओ ऑफिस पहुंची थी. यह सभी महिलाएं काफी आक्रोशित थीं. चूंकि उस समय तक डीपीआरओ अपने दफ्तर नहीं पहुंचे थे, इसलिए ये महिलाएं नारेबाजी करते हुए वहीं धरने पर बैठ गईं. इसी दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार कश्यप मौके पर पहुंचे. उन्होंने विवाद सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन अचानक मामला बिगड़ गया.
पिटाई का सामने आया वीडियो
महिलाओं द्वारा जिलाध्यक्ष की पिटाई का यह वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि महिलाएं सुरेश कश्यप के ऊपर अंधाधुंध चप्पल और थप्पड़ बरसा रहीं है. यह वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बनाया था, जो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. डीपीआरओ प्रदीप द्विवेदी ने घटना की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि गंगोह ब्लॉक की ग्राम पंचायत सहायक के वेतन से जुड़े मामले में कुछ महिलाएं आई थीं. इस दौरान इन महिलाओं ने हंगामा किया है.