5 दूल्हों से की शादी, मनाया सुहागरात और फिर… हैरान कर देगी इस लुटेरी दुल्हन की कहानी
उत्तर प्रदेश के संभल में एक लुटेरी दुल्हन गैंग का भंडाफोड़ हुआ है. यह गैंग उन पुरुषों को निशाना बनाता था जिनकी शादी नहीं हो पा रही थी. दुल्हन अब तक पांच दूल्हों से शादी कर, सुहागरात मनाकर नगदी-जेवर लेकर फरार हो चुकी है. साथ ही, सुहागरात के वीडियो बनाकर पीड़ितों को ब्लैकमेल करने का भी मामला सामने आया है. संभल पुलिस ने इस दुल्हन और उसके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
उत्तर प्रदेश के संभल में एक लुटेरी दुल्हन की हैरतंगेज कहानी सामने आई है. इस दुल्हन ने एक के बाद एक पांच दूल्हों से शादी की, सुहागरात मनाई और फिर अगली ही सुबह नगदी जेवर समेट कर फरार हो गई. यही नहीं, इस लुटेरी दुल्हन ने सुहागरात मनाना का वीडियो बनाकर दूल्हों को ब्लैकमेल भी किया. संभल पुलिस की पूछताछ में इस दुल्हन ने खुद अपनी करतूत बयां की है. संभल पुलिस ने इस लुटेरी दुल्हन और इसके दो साथियों को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है.
इस गैंग का खुलासा संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने प्रेस कांफ्रेंस में की. उन्होंने बताया कि गैंग के सदस्य उन लोगों की तलाश करते थे, जिनकी किसी कारणवश शादी नहीं हो पा रही थी. फिर उन्हें जाल में फंसाते और शादी का नाटक करते थे. फिर होटल के कमरों में हिडन कैमरे लगाकर अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लेते थे. इसके बाद इनका ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू हो जाता था. संभल एसपी के मुताबिक इस गैंग ने अब तक पांच ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है.
दोहरी चोट देता था ये गैंग
पुलिस के मुताबिक शादी के बाद शादी के अगले दिन दुल्हन पीड़ित दूल्हे का नगदी जेवर समेट कर भाग जाती थी. वहीं उसके साथी सुहागरात के अश्लील वीडियो दिखाकर इसे वायरल करने की धमकी देते थे और फिर पीड़ित से मोटी रकम वसूल करते थे. पीड़ित भी लोकलाज की वजह से आरोपियों के इशारे पर सबकुछ लुटा देते थे. आरोपियों ने इसी तज पर जब संभल के थाना रजपुरा क्षेत्र में रहने वाले पीड़ित का शिकार किया तो उसने पुलिस में शिकायत दे दी. इसके बाद पुलिस ने मामले का खुलासा किया है.
असली की तरह होती थी नकली शादी
पीड़ित ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि इस गैंग के लोग नकली शादी भी बिलकुल असली की तरह करते थे. इसमें दुल्हन होती थी, दुल्हन के मां-बाप एवं अन्य रिश्तेदार होते थे. विधिवत अरेंज मैरिज की तरह दोनों पक्षों में बातचीत, लेनदेन और फिर मंदिर में शादी होती थी. इस दौरान किसी भी तरह से ये लोग दूल्हे को शक नहीं होने देते. वहीं सुहागरात के बाद जब दूल्हा सो जाता था तो लुटेरी दुल्हन एक्शन में आ जाती थी. मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है.
