संभल में पुलिस की गोतस्करों से मुठभेड़, SHO घायल; एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो फरार
संभल में पुलिस-बदमाश में दिनदहाड़े मुठभेड़ की घटना सामने आई है. चेकिंग के दौरान गोतस्करों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें SHO घायल हो गए. वहीं, जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे पकड़ा गया. हालांकि, उसके दो साथी फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है.
संभल के असमोली थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान बदमाशों की फायरिंग में SHO मोहित मलिक घायल हो गए, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी. हालांकि, उसके दो साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है.
पुलिस के अनुसार, असमोली थाना पुलिस मढ़न चौकी क्षेत्र में नियमित गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान पुलिस ने बाइक से आ रहे तीन संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया. खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह पकड़ा गया.
SHO हाथ में गोली लगने से हो गए घायल
जानकारी के मुताबिक, घायल बदमाश की पहचान करीब 30 वर्षीय इमरान के रुप में हुई है, जो मैनाठेर क्षेत्र के मंडी मिल्क गांव का रहने वाला है. वहीं, मुठभेड़ के दौरान SHO मोहित मलिक भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) असमोली में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुठभेड़ में इमरान के साथ दो अन्य बदमाश भी शामिल थे, जो मौके से फरार हो गए. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और पूरे इलाके में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है.
इमरान पर पशु क्रूरता के पहले से मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी इमरान के खिलाफ पशु क्रूरता समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं. पुलिस ने उसके पास से एक बाइक और एक अवैध असलहा बरामद किया है. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है.
