एक मंदिर में शिवलिंग तोड़ा, दूसरे में खंडित की हनुमान मूर्ति; सावन के पहले सोमवार को बड़ा बवाल
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में सावन के पहले सोमवार को दो मंदिरों में तोड़फोड़ हुई. अराजक तत्वों ने एक शिवालय में शिवलिंग व मां पार्वती की प्रतिमा खंडित कर दी, वहीं दूसरे मंदिर में हनुमान मूर्ति तोड़ी. इस घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है. पुलिस ने मामला शांत कराकर जांच शुरू कर दी है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में दो अलग अलग मंदिरों में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. जिले के धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र में अराजक तत्वों ने एक मंदिर में घुसकर शिवलिंग और मां पार्वती की प्रतिमा तोड़ दी और खंडित अवशेषों को पास के पोखरे में फेंक दिया. वहीं एक अन्य मंदिर में बजरंग बली की मूर्ति तोड़ दी. घटना सावन के पहले सोमवार की है. घटना के बाद श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मुश्किल से लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस के मुताबिक पहली घटना धर्मसिंहवा नगर पंचायत क्षेत्र के पश्चिम मनसा पोखरे के पास स्थित शिवालय की है. सोमवार की सुबह जब श्रद्धालु मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचे तो वहां शिवलिंग और माता पार्वती की प्रतिमा अपने स्थान पर नहीं मिली. मंदिर में तोड़फोड़ के निशान देखकर लोगों को अनहोनी का अंदेशा हुआ. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
पोखरे में मिले अवशेष
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पोखरे में तलाश कराई, जहां दोनों प्रतिमाएं बरामद हुईं. इसी प्रकार दूसरी घटना हरैया गांव के सिवान में स्थित समय मंदिर की है. यहां अराजक तत्वों ने मंदिर में घुसकर हनुमान जी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया. सुबह जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई. लगातार दो मंदिरों में हुई घटनाओं से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया.
मौके पर पहुंचे एएसपी
सूचना मिलते ही एएसपी सुशील कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. घटनास्थल का जायजा लेने के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त धार्मिक स्थल पर दोबारा से मूर्ति की स्थापना कराई. पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है. इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. उधर, घटना को लेकर सनातन धर्म प्रचार समिति धर्मसिंहवा के अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी और विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
