शिवलिंग पर पैर रखने वाले मुस्लिम प्रधानाध्यापक पर एक्शन, BSA ने किया सस्पेंड; FIR भी दर्ज
संतकबीरनगर में एक मुस्लिम शिक्षक को शिवलिंग पर पैर रखकर आपत्तिजनक फोटो खींचने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस तस्वीर ने हिंदू समुदाय में भारी आक्रोश पैदा कर दिया, जिसके बाद FIR भी दर्ज की गई. बेलघाट पुलिस मामले की जांच कर रही है.
संतकबीरनगर में शिवलिंग पर पैर रखने वाले मुस्लिम प्रधानाध्यापक पर बड़ा एक्शन हुआ है. बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अमित कुमार सिंह ने गुरुवार को आरोपी प्रधानाध्यापक को सस्पेंड कर दिया. आरोप है कि आरोपी शिक्षक ने हिंदू देवी-देवताओं को अपमान करने के लिए ऐसी फोटो खिचवाई, और उसे अपने फेसबुक आईडी से भी पोस्ट किया.
सोशल मीडिया पर वायरल इस पोस्ट को लेकर हिंदू समाज के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है. इसी प्रकरण में गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र में आरोपी प्रधानाध्यापक पर FIR भी दर्ज की गई. बेलघाट पुलिस मामले की जांच कर रही है. वायरल फोटो में आरोपी शिक्षक किसी धार्मिक स्थल पर शिवलिंग पर पैर रखकर और हाथ में खंजर लेकर पोज देते नजर आ रहे थे.
खलीलाबाद BEO को सौंपा गया मामले की जांच
BSA अमित कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी शिक्षक अब्दुर रहमान, संतकबीर नगर के औराडार विकास खण्ड हैंसर बाजार में प्राथमिक विघालय के प्रधानाध्यापक पद पर कार्यरत थे. जबकि वह मूल रूप से गोरखपुर के बेलघाट थाना के ग्राम पंचायत बहादुरपुर के रहने वाले हैं. उन्हें तत्काल निलंबित कर ब्लाक संसाधन केन्द्र हैंसर बाजार से अटैच किया गया है.
साथ ही इस मामले की जांच खलीलाबाद के खण्ड शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया है. दूसरी ओर मामले में बेलघाट थाना में आरोपी शिक्षक अब्दुर रहमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है. आरोप है कि इससे पूरे सनातन धर्म को मानने वाले समाज की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है और इससे सांप्रदायिक सौहार्द और शांति भंग होने का अंदेशा है.
हिंदू समुदाय में आक्रोश, कई तरह के उठे सवाल
आरोपी अब्दुर रहमान ने 3 मई को अपने फेसबुक प्रोफाइल से शिवलिंग पर पैर रखकर आपत्तिजनक फोटो पोस्ट साझा की गई थी. जैसे ही यह पोस्ट क्षेत्र के लोगों तक पहुंची, हिंदू समुदाय में भारी आक्रोश और नाराजगी बढ़ गई और देखते ही देखते मामला तूल पकड़ने लगा. मामले को लेकर क्षेत्र में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं.
लोगों का कहना है कि जिस शिक्षक के कंधों पर बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने की जिम्मेदारी हो, अगर वही इस तरह की विवादित हरकतों में दिखाई दे तो समाज में गलत संदेश जाता है. वहीं, अब अब्दुर रहमान ने फेसबुक पोस्ट डिलीट कर दी है. अब देखना यह होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है.
