कातिल निकली मां की सहेली… 14 साल के बच्चे को अगवा किया, यमुना में डुबोकर ले ली जान; ये है वजह
सहारनपुर में एक दोस्त ने अपने ही दोस्त के 14 वर्षीय बेटे अंशुमन का अपहरण कर हरियाणा के अंबाला ले जाकर यमुना नदी में डुबोकर मार दिया. आरोपी महिला पूजा को सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पूछताछ में उसने हत्या का खुलासा किया. यह घटना दोस्ती के रिश्ते पर सवाल उठाती है.
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है. यहां एक महिला ने अपनी दोस्त के 14 वर्षीय बेटे अंशुमन को अगवा किया और हरियाणा में अंबाला के पास नदी में डुबोकर मार दिया. सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी महिला की पहचान करते हुए उसे दबोच लिया है. पुलिस की पूछताछ में इस महिला ने जो खुलासा किया, उसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई. पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर बच्चे का शव नदी से बरामद कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक मृत बच्चा अंशुमन अपने मां-बाप का सबसे छोटा बेटा था. उसके पिता बालकृष्ण भारती के परिवार में चार बेटें हैं. अंशुमन सबसे छोटा होने के कारण सभी का लाडला था. पीड़ित परिवार के मुताबिक बालकृष्ण की पत्नी ज्योति से एक महिला पूजा के अच्छे संबंध थे और उसका घर में खूब आना जाना था. पूजा ब्याज पर पैसे देती थी और अक्सर लड़ाई झगड़े की बात करती थी. इसलिए बालकृष्ण ने उसके घर आने पर रोक लगा दी थी.
दबंग क्षवि की है आरोपी पूजा
पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपी पूजा दबंग छवि की है. घर आने से मना करने पर वह इस परिवार के लोगों के साथ भी झगड़ा कर चुकी है. यहां तक कि उसने बच्चों के साथ भी मारपीट की थी. बालकृष्ण भारती ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि वह यहां किराए के मकान में रहते है. 1 मई की दोपहर करीब 2 बजे उनका बेटा अंशुमन दुकान से सामान लेने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा. इसके बाद उसकी खोजबीन शुरू की गई. जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई.
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. एक फुटेज में अंशुमन पूजा के साथ नजर आया. इसके बाद पुलिस ने अन्य कैमरों की फुटेज खंगाली. इसमें पता चला कि वह अंशुमन को लेकर पहले हरियाणा के यमुनानगर तक गई. इससे पुलिस को शक हुआ और फिर पूजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इसमें पूजा ने पहले तो गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे टूट गई. बताया कि उसने अंशुमन को अंबाला रोड की पूर्वी यमुना नदी में डुबो कर मार दिया है. इस खुलासे के बाद बच्चे के घर में कोहराम मच गया है.
