फिजियो क्लीनिक में दोस्ती, जिम में प्यार; चांदनी के लिए मुस्लिम बना आयुष मलिक

उत्तर प्रदेश के शामली में आयुष मलिक का धर्मांतरण अपनी गर्लफ्रेंड चांदनी के लिए हुआ. फिजियो क्लीनिक से शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली, जिसके बाद चांदनी की शर्त पर आयुष मुस्लिम बना और निकाह किया. पुलिस जांच में संपत्ति के लालच और पाकिस्तान कनेक्शन का खुलासा हुआ है. चांदनी और उसके पिता गिरफ्तार हैं, और मामले में नए मोड़ आ रहे हैं.

आयुष और चांदनी

उत्तर प्रदेश के शामली में आयुष मलिक के धर्मांतरण केस में नया खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक अपनी गर्लफ्रेंड के चक्कर में आयुष मुस्लिम बना था. उसकी गर्लफ्रेंड चांदनी से पहली मुलाकात साल 2018 में एक फिजियो क्लीनिक में हुई थी. उस समय आयुष उस क्लीनिक में अपने कंधे की चोट का इलाज कराने जाता था. वहीं पर चांदनी फिजियोथेरेपिस्ट का काम करती थी. पूछताछ में पता चला है कि इलाज के दौरान ही दोनों में दोस्ती हो गई. फिर दोनों फोन पर बातचीत करने लगे थे.

बाद में आयुष जिम जाने लगा. इसकी जानकारी होने पर चांदनी उसी जिम में जिम ट्रेनर की नौकरी करने लगी. वहीं, चांदनी के भाई ने आयुष की दुकान पर नौकरी कर ली. इससे चांदनी और आयुष और करीब आए. धीरे धीरे दोनों में प्यार हो गया. इसी प्यार में चांदनी ने आयुष को शादी के लिए कहा, लेकिन शर्त रख दी कि वह धर्म नहीं बदलेगी. ऐसे में चांदनी के लिए आयुष ने धर्मांतरण करने का प्लान बनाया.

2023-24 में हुआ निकाह

पुलिस की जांच में सामने आया है कि साल 2023-24 में चांदनी और आयुष दिल्ली के जामा मस्जिद गए. वहीं पर आयुष ने धर्मांतरण किया और निकाहनामा तैयार कराया. वहां से चांदनी आयुष को लेकर देश के कई बड़े दरगाहों पर ले गई, जहां उसका ब्रेनवॉश कराया गया. हालांकि काफी समय तक दोनों ने अपनी कहानी को छुपाकर रखा. अब मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस में शिकायत दी गई.

कहीं संपत्ति का लालच तो नहीं?

चांदनी और आयुष की कहानी के पीछे पुलिस प्रापर्टी एंगल भी देख रही है. दरअसल आयुष के पिता देवराज मलिक शहर के प्रतिष्ठित दवा कारोबारी है. उनके पास करोड़ों की संपत्ति भी है. पुलिस का मानना है कि चांदनी और उससे जुड़े लोगों की नजर देवराज मलिक की संपत्ति पर है. पुलिस इस मामले में चांदनी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को अरेस्ट कर चुकी है. इनसे पूछताछ में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं.

पाकिस्तान कनेक्शन भी मिला

मामले की जांच के दौरान धर्मांतरण की इस कहानी में पाकिस्तान कनेक्शन भी सामने आया है. पता चला है कि चांदनी और उससे जुड़े लोगों ने पाकिस्तान के इस्लामिक वक्ता डॉ. इसरार अहमद के कई वीडियो आयुष को दिखाए. इससे प्रभावित होकर आयुष मुस्लिम बनने को तैयार हुआ. बल्कि धर्मांतरण के बाद आयुष नमाज पढ़ने भी जाने लगा. हालांकि पुलिस अभी इस एंगल पर कुछ भी बोलने से बच रही है.

Follow Us