बंगाल के CM शुभेंदु के PA मर्डर केस में बलिया पहुंची CBI, आरोपी के मां-भाई से पूछताछ
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या की सीबीआई जांच बलिया पहुंच गई है. CBI टीम ने आरोपी राज सिंह के परिवार से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज समेत कई दस्तावेज जब्त किए. पश्चिम बंगाल सरकार के अनुरोध पर सीबीआई ने यह मामला संभाला है.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले की जांच तेज हो गई है. शुक्रवार को केंद्रीय अधिवेषण ब्यूरो (CBI) की एक टीम बलिया पहुंची. जहां मुख्य आरोपी राज सिंह के परिवार से पूछताछ की. साथ ही आरोपी के घर और कपड़े के शोरूम के सीसीटीवी फुटेज समेत कई दस्तावेज जब्त किए.
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने बताया कि दो सदस्यीय सीबीआई टीम कोतवाली थाने में गिरफ्तार आरोपी राज सिंह के परिजनों से पूछताछ कर रही है. उन्होंने बताया कि सीबीआई की टीम बृहस्पतिवार को ही बलिया आ गई और आज भी बलिया में ही है. CBI टीम की और से राज सिंह की मां-भाई और आरोपी के दोस्तों से भी जानकारी ली जा रही है.
मां और भाई से थाने में अलग-अलग पूछताछ
कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण सिंह के अनुसार, टीम ने राज सिंह की मां और भाई से थाने में अलग-अलग पूछताछ की. दुकानदारों और आरोपी के दोस्तों से भी जानकारी ली जा रही है. आरोपी की बहन दीप शिखा सिंह ने बताया कि परिवार सीबीआई जांच पर भरोसा करता है और भाई के लिए सुरक्षा की मांग की गई है.
आरोपी की मां ने जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है. आरोपी राज सिंह की मां जामवंती सिंह ने बताया कि परिजन जांच में सीबीआई का पूर्ण सहयोग कर रहे हैं. उन्होंने सीबीआई को जांच के लिए घर के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दिए हैं. वहीं, आरोपी राज सिंह के वकील हरिवंश सिंह ने बताया कि सीबीआई मामले का जल्द से जल्द खुलासा करेगी.
6 मई को PA की गोली मारकर हुई थी हत्या
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की 6 मई को मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए, पश्चिम बंगाल सरकार के अनुरोध पर सीबीआई ने राज्य पुलिस से जांच अपने हाथ में ली है. पुलिस ने सोमवार को बलिया से राज सिंह और बिहार से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था.
