30 हजार दर्शक क्षमता, 7 प्लेइंग पिच… CM योगी कल करेंगे अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम का शिलान्यास
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल गोरखपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे. करीब 30 हजार दर्शक क्षमता वाले इस आधुनिक स्टेडियम में 7 प्लेइंग पिच तैयार की जाएंगी. स्टेडियम में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी. सरकार का दावा है कि इससे क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार व पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
पूर्वांचल की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने और गोरखपुर को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में शनिवार का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल यानी 16 मई को गोरखपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे. साथ में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहेंगे. करीब 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह स्टेडियम सीएम योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लंबे समय से गोरखपुर में विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं विकसित करने की दिशा में काम कर रहे हैं. मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद प्रशासन ने ताल नदोर में भूमि उपलब्ध कराई और 24 दिसंबर 2025 से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया. हालांकि अब तक औपचारिक शिलान्यास नहीं हुआ था, लेकिन सरकार की ओर से जारी परियोजना की पहली किश्त 63.39 करोड़ रुपये से निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है.
30 हजार दर्शक क्षमता
यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम कुल 46 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा. इसकी दर्शक क्षमता करीब 30 हजार होगी. स्टेडियम को ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ मॉडल पर तैयार किया जा रहा है. यहां मुख्य मैदान पर खिलाड़ियों के लिए सात प्लेइंग पिच और चार प्रैक्टिस पिच बनाई जाएंगी, ताकि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैचों का आयोजन किया जा सके. इसके पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में प्रत्येक में 14,490 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी.
चार हाईमास्ट फ्लडलाइट लगेंगे
वहीं नॉर्थ पैवेलियन में 208 वीआईपी और 382 मीडिया प्रतिनिधियों के बैठने की सुविधा दी जाएगी. साउथ पैवेलियन में 1708 वीवीआईपी और वीआईपी मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी. डे-नाईट मैचों के आयोजन को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के चार हाईमास्ट फ्लडलाइट लगाए जाएंगे. इससे यहां दिन और रात दोनों समय मैच आयोजित किए जा सकेंगे. सरकार का कहना है कि यहां अन्य बड़े खेल और सांस्कृतिक आयोजन भी कराए जाएंगे.

गोरखपुर एयरपोर्ट से 24KM दूर
ताल नदोर में बन रहा यह स्टेडियम गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन राजमार्ग से सीधा जुड़ा हुआ है. यह स्थान गोरखपुर एयरपोर्ट से लगभग 24 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. ऐसे में देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के लिए यहां पहुंचना काफी आसान होगा. सरकार का मानना है कि स्टेडियम बनने के बाद गोरखपुर में पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी बड़ा लाभ मिलेगा.
