सोनभद्र के हाथीनाला में भीषण हादसा, ट्रकों की टक्कर के बाद लगी आग, 2 जिंदा जले
सोनभद्र के हाथीनाला हाई-वे पर दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. दो ट्रकों में आमने-सामने टक्कर के बाद आग लग गई. इस हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर भारी संख्या में पुलिस और दमकल की टीमें पहुंची.
सोनभद्र के हाथीनाला थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद भीषण आग लग गई. इस आग में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख पुकार मच गई थी.
दरअसल, वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर हथवानी गांव के पास शनिवार शाम करीब 5 बजे दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. हादसे के वक्त ट्रकों में सवार चालक और खलासी फंस गए, जिसमें से एक चालक को किसी तरह बाहर निकाला गया.
एक ट्रक में राख लदी थी, दूसरे में दूध के पैकेट थे
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से एक चालक को बाहर निकालकर गंभीर हालत में हिंडाल्को अस्पताल भेजा गया. वहीं दो अन्य लोग आग में फंसने के कारण जिंदा जल गए, जबकि एक और खलासी के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलते ही एसी अभिषेक वर्मा, सीओ पिपरी हर्ष पांडे समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई.
आग बुझाने के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट, चोपन फायर स्टेशन और हिंडाल्को की दमकल गाड़ियां लगाई गईं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. बताया जा रहा है कि एक ट्रक में राख लदी थी, जबकि दूसरे ट्रक में दूध के पैकेट भरे हुए थे, जो हादसे के बाद सड़क पर बिखर गए. हादसे के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया.
मरने वालों की पहचान अभी नहीं हो पाई है- ASP
फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. ASP अनिल कुमार ने बताया कि घटना शाम 5 बजे की है, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है. दोनों ट्रकों को हाईवे से हटा दिया गया है और ट्रैफिक फिर से शुरू कर दिया गया है. मरने वालों की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट- मोहित मिश्रा, टीवी9, सोनभद्र
