भोलेनाथ का दर्शन करने गई थीं 2 सहेलियां, मंदिर से निकलते ही कार ने रौंदा; दोनों की मौत

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में सावन के पहले सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. भगवान शिव का अभिषेक कर मंदिर से लौट रही दो सहेलियों, पार्वती और मंकी को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने रौंद दिया. गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने कार कब्जे में ले ली है और फरार चालक की तलाश जारी है.

हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे परिजन

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में सोवन के पहले ही सोमवार को बड़ा हादसा हुआ. यहां भगवान शिव का अभिषेक करने मंदिर गई दो सहेलियों को एक तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया. इस हादसे में दोनों सहेलियों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद कार चालक मौके पर ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों सहेलियों का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर ही है.

यह हादसा सुल्तानपुर के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में टांटिया नगर चौराहे के पास का है. पुलिस के मुताबिक यहां पास में ही रहने वाले लाल बहादुर निषाद की बेटी पार्वती और ओम प्रकाश की बेटी मंकी यहां शिव मंदिर में सावन के पहले सोमवार के उपलक्ष्य में पूजन अर्चन करने गई थी. पूजन के बाद दोनों मंदिर से निकलकर पैदल चलते हुए अपने घर लौट रहीं थी, इसी दौरान ये हादसा हो गया.

तेज रफ्तार कार ने रौंदा

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों लड़कियां सड़क के किनारे चलते हुए आ रही थीं. इसी दौरान पीछे से एक तेज रफ्तार कार आई और अचानक अनियंत्रित हो गई. देखते ही देखते इस कार ने दोनों युवतियों को टक्कर मार दी, इससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गईं. मौके पर मौजूद लोगों ने आनन फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने कब्जे में लिया कार

घटना के बाद दोनों युवतियों के परिवार में कोहराम मच गया. इतने में घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए कार को कब्जे में लिया. वहीं अस्पताल पहुंचकर दोनों सहेलियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस के मुताबिक अब हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है. इसी क्रम में कार चालक की तलाश में टीमों का गठन किया गया है.

Follow Us