UP: पुलिस चौकी में BJP नेत्री का थप्पड़ कांड, वीडियो वायरल होने के बाद केस दर्ज

सुल्तानपुर में भाजपा की जिला कोषाध्यक्ष गीता गुप्ता उर्फ पूजा कसौधन का पुलिस चौकी के अंदर एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भाजपा नेत्री के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है. घटना नगर कोतवाली क्षेत्र की शाहगंज पुलिस चौकी की बताई जा रही है.

भाजपा की जिला कोषाध्यक्ष गीता गुप्ता उर्फ पूजा कसौधन ने मारा थप्पड़ Image Credit:

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में भाजपा की जिला कोषाध्यक्ष गीता गुप्ता उर्फ पूजा कसौधन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में भाजपा नेत्री पुलिस चौकी के अंदर चौकी इंचार्ज की मौजूदगी में एक युवक को थप्पड़ मारती हुई दिखाई दे रही हैं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाजपा नेत्री के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है. वहीं, घटना के दौरान मौजूद शाहगंज चौकी प्रभारी की भी जांच शुरू हो गई.

यह मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के शाहगंज मोहल्ले का है. यहीं भाजपा की जिला कोषाध्यक्ष गीता गुप्ता उर्फ पूजा कसौधन का आवास है. जानकारी के मुताबिक, 8 जुलाई को उनकी शिकायत पर पुलिस ने घोषियाना आदर्श नगर (पलटू के पुरवा) निवासी अरुण कुमार को पूछताछ के लिए शाहगंज पुलिस चौकी बुलाया था. पूछताछ के दौरान गीता गुप्ता भी चौकी पहुंचीं. बातचीत के बीच उन्होंने युवक का मोबाइल फोन देखा और अचानक गुस्से में आकर उसे थप्पड़ मार दिया.

चौकी इंचार्ज पर भी उठे सवाल

पूरी घटना चौकी में मौजूद लोगों के सामने हुई और किसी ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि घटना के समय चौकी प्रभारी अविनाश चंद्र मौके पर मौजूद थे. उनके सामने युवक के साथ मारपीट हुई, लेकिन उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया. इसी वजह से पुलिस अधिकारियों ने उनकी भूमिका की भी जांच के आदेश दिए हैं.

भाजपा नेत्री ने लगाया निगरानी का आरोप

भाजपा नेत्री गीता गुप्ता उर्फ पूजा कसौधन का कहना है कि संबंधित युवक उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था. वहीं पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

वायरल वीडियो के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और भाजपा नेत्री के खिलाफ मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया. साथ ही चौकी प्रभारी अविनाश चंद्र की भूमिका की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है. गीता गुप्ता उर्फ पूजा कसौधन का नाम पहले भी कई विवादों से जुड़ चुका है. इससे पहले उनका नाम जमीन से जुड़े विवादों में सामने आ चुका है. पत्रकारों के साथ कथित विवाद को लेकर भी वह सुर्खियों में रह चुकी हैं.

अब पुलिस चौकी के अंदर युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में दर्ज एफआईआर, वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और विभागीय जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है.

Follow Us