सुल्तानपुर: बारात में डीजे के शोर से 140 मुर्गियों की मौत, पोल्ट्री फार्म संचालक ने दर्ज कराया FIR

सुल्तानपुर में एक बारात के डीजे की तेज आवाज से पोल्ट्री फार्म की 140 मुर्गियों की मौत हो गई. पोल्ट्री फार्म संचालक ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद BNS और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है. यह घटना सुल्तानपुर के दरियापुर गांव की है.

डीजे की तेज आवाज से 140 मुर्गियों की मौत, FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां बारात में आए डीजे की तेज आवाज होने के चलते पोल्ट्री फार्म की मुर्गियों की मौत हो गई. पीड़ित पोल्ट्री फार्म संचालक ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद डीजे संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. स्थानीय थाने की पुलिस अब इस पुरे मामले की छानबीन मे जुट गई है. ट

दरअसल, ये मामला बल्दीराय थानाक्षेत्र के दरियापुर गांव का है. यहां के रहने वाले बब्बन विश्वकर्मा की बेटी का बीते 25 अप्रैल को विवाह था. गांव में कुड़वार थानाक्षेत्र के राम भद्र पुरवा गांव से बारात आई हुई थी. इसी दरम्यान गांव के साबिर अली के पोल्ट्री फार्म के सामने से तेज आवाज में डीजे निकला तो पोल्ट्री फार्म में पली मुर्गियों में अफरा तफरी मच गई.

कानफोडू आवाज के चलते मुर्गियां की मौत

पोल्ट्री फार्म संचालक साबिर अली की माने तो कानफोडू आवाज के चलते मुर्गियां दहशत में आ गई थी, जिससे 140 मुर्गियों ने दम तोड़ दिया. उन्होंने बताया कि घटना रात 9:30 बजे की है, बारात जैसे ही दरियापुर गांव से 200 मीटर पहले उनके मुर्गी फार्म के सामने पहुंची, डीजे के अत्यधिक आवाज के कारण मुर्गी फार्म मे पल रहे 140 मुर्गीयो की मृत्यु हो गई.

पीड़ित ने इसके बाद पुलिस से मदद की गुहार लगाई. थाने के उपनिरीक्षक भरत सिंह ने मामले का संज्ञान मे लेते हुए आरोपी डीजे संचालक के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया. आरोपी कुड़वार थाने के परसीपुर का रहने वाला है. उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 270 और 325, साथ ही पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 15 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

तेज आवाज से मुर्गियों में कार्डियक अरेस्ट का खतरा

थाना प्रभारी ने मामले की जांच के लिए एसआई तहुर खान को नियुक्त किया है. पुलिस जांज में जुट गई है, हालांकि अभी इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. वहीं, एक्सपर्ट्स के अनुसार, तेज आवाज से पक्षियों और मुर्गियों में कार्डियक अरेस्ट संभव है. पीड़ित पोल्ट्री फार्म संचालक को काफी नुकसान हुआ है, वह मुआवजे की भी मांग कर रहे हैं.

Follow Us