पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार! बिहार जा रही बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 3 की मौत, 11 घायल
सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. हरियाणा से बिहार जा रही एक प्राइवेट बस की ट्रक से भीषण टक्कर हो गई. इस हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया. माइलस्टोन 96 के पास गुरुग्राम से बिहार के सुपौल जा रही सवारियों से भरी प्राइवेट बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसा में बस में सवार तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
जानकारी के मुताबिक, प्राइवेट बस गुरुग्राम से यात्रियों को लेकर बिहार के सुपौल जा रही थी. गुरुवार सुबह करीब 5:50 बजे बल्दीराय थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 96 के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बस में पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कई यात्री अंदर फंस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
मृतक यात्रियों में दो हरियाणा, एक बिहार के
हाजसे के बाद घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई थी. जानकारी मिलते ही एसडीएम प्रभात सिंह, सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार और थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय पहुंचाया.
वहींं, सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीन यात्रियों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान श्याम लाल मंडल (28), विनोद मंडल पुत्र खुशन मंडल, निवासी जलदार कॉम्प्लेक्स, तेनपुरी झुंडसा, गुरुग्राम, हरियाणा और किरन देवी पत्नी माहेश्वरी मंडल (46), निवासी लक्ष्मीपुर, थाना कुमारखंड, जिला मधेपुरा, बिहार के रूप में हुई है.
एक्सप्रेस-वे का रूट क्लियर करवा दिया गया
सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना सुबह करीब 5:50 बजे PRV के जरिए मिली थी. पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया. हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों का इलाज चल रहा है. वहीं, तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
इसके साथ ही एक्सप्रेस वे का रूट क्लियर करवा दिया गया है ताकि आवागमन बाधित न हो. क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाए जाने के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है. मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति भी सामान्य बताई गई है. पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच पड़ताल में जुटी है.