यूपी में 22 मई से पहले चरण की जनगणना; 5.25 लाख कर्मी होंगे तैनात, घर-घर जाकर लेंगे डेटा

उत्तर प्रदेश में 22 मई 2026 से जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू होगा. यह पहली पूरी तरह डिजिटल जनगणना होगी, डेटा मोबाइल ऐप के जरिए दर्ज किया जाएगा. 33 सवालों के जरिए डेटा कलेक्शन किया जाएगा. वहीं, प्रदेश वासियों को 7 से 22 मई तक स्वयं जानकारी भरने का विकल्प भी दिया गया है.

यूपी में 22 मई से शुरू होगी पहले चरण की जनगणना

उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं. यूपी के चीफ प्रिंसिपल सेंसस ऑफिसर ने दो चरणों में जनगणना की तारीखों का ऐलान कर दिया है. पहला फेज 22 मई से 20 जून 2026 तक चलेगा. इसमें मकान, सुविधाएं, संपत्ति से जुड़ी जानकारी ली जाएगी. जबकि इसका दूसरा चरण फरवरी 2027 में होगा, जिसमें जनसंख्या गणना शामिल है.

भारत की जनगणना 2027 में आजादी के बाद 8वीं और कुल 16वीं जनगणना है. चीफ प्रिंसिपल सेंसस ऑफिसर शीतल वर्मा ने बताया कि यह पहली पूरी तरह से डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें डेटा मोबाइल ऐप के जरिए डाला जाएगा. साथ ही नागरिकों के लिए 7 मई से 21 मई 2026 तक Self-Enumeration Portal सक्रिय रहेगा, जहां वे स्वयं जानकारी दर्ज कर सकते हैं.

यूपी में 5.25 लाख कर्मचारियों की लगी ड्यूटी

केंद्र सरकार ने जनगणना 2027 के लिए 11,718.24 करोड़ रुपये का बजट रखा है. साथ ही इस जनगणना में जातिगत डेटा शामिल करने का निर्णय लिया. जनगणना के दौरान 33 सवाल पूछे जाएंगे, जो घर की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं (बिजली, पानी, शौचालय), संपत्ति और परिवार के सदस्यों से संबंधित हैं. दूसरे चरण में जातिगत डेटा भी जुटाया जाएगा.

यूपी में जनगणना को लेकर बड़ी तैयारी की गई हैं. गणना के काम में करीब 5.25 लाख अधिकारियों/कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है, जिसमें मुख्य रूप से शिक्षक और शिक्षा विभाग के लोग शामिल होंगे. प्रदेश के 75 जिले, 783 शहरी निकाय, 350 तहसीलों में सर्वे किया जाना है, जिसके लिए लगभग 3.9 लाख हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं.

22 मई से तक घर-घर जाकर जुटाएंगे डेटा

जनगणना में लगाए गए कर्मचारी 22 मई से 20 जून तक घर-घर जाकर लोगों से जानकारी जुटाएंगे. 33 सवालों के जरिए डेटा मोबाइल ऐप के जरिए दर्ज किया जाएगा. इसमें जनगणना डेटा की गोपनीय को लेकर कदम उठाए गए हैं. डेटा सुरक्षा के लिए यह टैक्स, पुलिस या कोर्ट में इस्तेमाल नहीं होगा, केवल नीति निर्माण और विकास योजनाओं के लिए उपयोग होगा.

Follow Us