अमित शाह के दौरे से लेकर समरसता यात्रा तक, यूपी चुनाव से पहले BJP ने बनाया बड़ा प्लान

यूपी चुनाव से पहले बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. गृह मंत्री अमित शाह नवंबर अंत से यूपी का दौरा करेंगे, जहां वे सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और नेताओं से मिलेंगे. साथ ही, बीजेपी पंजाब से लेकर यूपी तक 'समरसता संकल्प यात्रा' निकालेगी.

यूपी में चुनावी मोड में BJP, अमित शाह संभालेंगे मोर्चा

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी अब संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए केंद्रीय नेतृत्व को मैदान में उतारने की तैयारी में है. इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नवंबर के अंत से उत्तर प्रदेश का दौरा शुरू कर सकते हैं.

गृह मंत्री अमित शाह इस दौरान प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में जाकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे. शाह चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में जोश भरने मैदान में उतरेंगे. साथ ही, पार्टी अनुसूचित जाति के मतदाताओं को साधने के लिए पंजाब से यूपी तक ‘समरसता संकल्प यात्रा’ निकालेगी. ये यात्रा 18 नवंबर से शुरू होगी.

सभी क्षेत्रों में गृहमंत्री के रात्रि प्रवास की भी योजना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसी महीने नवंबर के अंत से उत्तर प्रदेश का दौरा शुरू कर सकते हैं. बीजेपी ने उत्तर प्रदेश को संगठनात्मक तौर पर छह क्षेत्रों में बांटा है. इनमें पश्चिम, ब्रज, कानपुर-बुंदेलखंड, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्र शामिल हैं. अमित शाह इन सभी क्षेत्रों का दौरा कर अलग-अलग बैठकें करेंगे.

बीजेपी सभी क्षेत्रों में गृहमंत्री के रात्रि प्रवास की योजना भी बना रही है. अमित शाह इन सभी क्षेत्रों का दौरा कर अलग-अलग बैठकें करेंगे. वह कार्यकर्ताओं के अलावा क्षेत्र के प्रमुख नेताओं के साथ भी जीत की रणनीति को ज़मीन पर उतारने की योजना बनाएंगे. सभी क्षेत्रों में बैठक के बाद चुनाव में जिला स्तर पर भी गृहमंत्री की बैठक और सभाएं करने की तैयारी है.

पंजाब से लेकर यूपी तक यात्रा निकालेगी बीजेपी

इसके साथ ही, बीजेपी की अनुसूचित जाति के मतदाताओं को साधने के लिए भी बड़ा प्लान है. बीजेपी पंजाब से लेकर यूपी तक ‘समरसता संकल्प यात्रा’ निकालेगी. यह यात्रा संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष पर आधारित होगी. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन 18 नवंबर को पंजाब के जालंधर से समरसता संकल्प यात्रा की शुरुआत करेंगे.

पंजाब के जालंधर से शुरू होकर यह समरसता संकल्प यात्रा 3 दिसंबर को वाराणसी में समाप्त होगी. बीजेपी संत रविदास की 650 वी जयंती वर्ष मना रही है. रविदासी मतदाताओं की पंजाब और उत्तर प्रदेश में अच्छी संख्या है.

Follow Us