नई A4 पोर्ट्रेट कॉपी, रिजर्व पेपर सेट, 20 केंद्रों पर जैमर… जानें UP बोर्ड की परीक्षा को सुपर सिक्योर रखने की क्या है तैयारी

यूपी सरकार ने इस बार बोर्ड परीक्षाओं में सख्ती बढ़ाने का फैसला लिया है. किसी भी तरह की आपात स्थिति से बचने के लिए हर जिले और परीक्षा केंद्रों पर रिजर्व प्रश्न पत्र सेट रखने का फैसला किया गया है. इसके अलावा उत्तर पुस्तिकाओं को ए4 पोट्रेट साइज में रखने का फैसला लिया है. ताकि परीक्षार्थी पिछले साल की कॉपीज का इस्तेमाल अवैध तरीके से ना कर सकें.

यूपी बोर्ड एग्जाम

प्रदेश में 18 फरवरी से बोर्ड की परीक्षाओं की शुरुआत हो रही है. बोर्ड ने इस बार की परीक्षाओं के लिए नए और खास इंतजाम किए हैं. किसी भी तरह की आपात स्थिति या पेपर लीक जैसी घटनाओं से बचने के लिए बोर्ड ने हर जिले और परीक्षा केंद्रों पर सभी विषय के पेपर के रिजर्व सेट रखने का निर्णय लिया है .

रिजर्व सेट प्रश्न पत्र रखने का क्या है उद्देश्य

दरअसल, पिछले साल इक्का-दुक्का ऐसे मामले आए थे, जिसमें किसी जिले में पेपर लीक की आशंका बनी थी. ऐसे में समय रहते उन जिलों में परीक्षा के पहले पेपर सेट को बदल दिया गया था. बोर्ड ने इस बार पहले से ही ऐसे आपात स्थिति के लिए तैयारी कर ली गई. इस तरह की स्थिति में रिजर्व सेट प्रश्न पत्र का इस्तेमाल किया जाएगा.

स्ट्रांग रूम में होंगी चार आलमारियां

हर परीभा केंद्र के स्ट्रांग रूम में नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा की व्यवस्था रहेगी. स्ट्रांग में लोहे की चार डबल लॉक आलमारियां रखी जाएगी. पहली दो आलमारियों में दोनों परीक्षाओं के मु्ख्य पेपर सेट रखे जाएंगे. तीसरी आलमारी में पेपर के बाद बचे प्रश्नपत्र और बंडल स्लिप रखी जाएगी.

चौथी आलमारी को आपात स्थिति के लिए रखा जाएगा. इसमें  सभी विषय के पेपर के रिजर्व सेट रखे जाएंगे. इसके एक लॉक की चाभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक के पास होगी. वहीं, डबल लॉक की चाभी क्षेत्रीय थानेदार के पास होगी. इस बार बोर्ड ने उत्तर पुस्तिका की कॉपी ए4 पोट्रेट साइज में रखने का फैसला लिया है. ताकि परीक्षार्थी पिछले साल की कॉपी का इस्तेमाल अवैध तरीके से ना कर सके.

20 परीक्षा केंद्रों पर जैमर की व्यवस्था

स्ट्रांग रूम की 24 घंटे की निगरानी की जाएगी. सीसीटीवी मॉनिटरिंग भी अनिवार्य की गई है. अलमारी के खुलने और बंद होने का रिकार्ड लॉगबुक में रखे जाने का निर्देश दिया गया है. पहली बार प्रदेश के 20 परीक्षा केंद्रों पर जैमर की व्यवस्था भी पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की जा रही है. इसके फायदे देखकर इसे और आगे विस्तार दिया जाएगा.

छात्रों के लिए ऑनलाइन गाइडेंस सेशन भी आयोजित किए जाएंगे

बोर्ड इस बार कक्ष निरीक्षकों की तैनाती, उनके पहचान पत्र पर विशेष ध्यान दे रही है. इसके अलावा बोर्ड की तरफ परीक्षा से पहले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन गाइडेंस सेशन भी आयोजित किया जाएगा. 14 फरवरी यानी शनिवार को बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए शनिवार सुबह 10:30 बजे राज्य स्तरीय ऑनलाइन यूट्यूब सेशन आयोजित किया जाएगा. इसमें छात्रों को सब्जेक्ट वाइज तैयारी, टाइम मैनेजमेंट और परीक्षा तनाव से निपटने के तरीके बताए जाएंगे.

Follow Us