यूपी में लू का कहर जारी, आज 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; बांदा रहा देश में सबसे गर्म शहर
उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, बांदा में तापमान 47.4°C तक पहुंच गया है, जो इस सीज़न का उच्चतम है. मौसम विभाग ने 27 अप्रैल तक लू से राहत मिलने की संभावना नहीं जताई है. पछुआ हवाएं और प्रतिचक्रवात इसके प्रमुख कारण हैं. हालांकि, कल के बाद से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. प्रदेश के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. शनिवार को सबसे ज्यादा तापमान बांदा में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है.
राज्य भर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.5 नजीबाबाद में दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने 27 अप्रैल तक लू से राहत मिलने की संभावना नहीं जताई है. पछुआ हवाएं और प्रतिचक्रवात इसके प्रमुख कारण हैं. हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27 अप्रैल के बाद हल्की बारिश और तापमान में गिरावट की उम्मीद है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
लू का दायरा तेजी से फैल रहा, 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, निचले क्षोभ मंडल में चल रही गर्म पछुआ हवाएं और आंतरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात का असर प्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है. यही कारण है कि अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और लू का दायरा भी तेजी से फैल रहा है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी 27 अप्रैल तक प्रदेश में लू की स्थिति बनी रहेगी. इस दौरान तापमान में कोई खास गिरावट की संभावना नहीं है, और कई स्थानों पर उष्ण रात्रि (Hot Night) की स्थिति भी देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग ने 20 जिलों में रविवार को भीषण गर्मी और लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
IMD ने जालौन, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, प्रताप गढ़, कौशांबी, चुत्रकुट, सुलतानपुर, प्रयागराज, जौनपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, आजमगढ़, गाजीपुर, चंदौली और बलिया में भीषण गर्मी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर बना हुआ है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है.
27 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव के मिले संकेत
हालांकि, 27 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश शुरू होने की संभावना है, जो धीरे-धीरे पूर्वी हिस्सों की ओर बढ़ेगी. इसके चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को लू से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
राजधानी लखनऊ में भी 26 और 27 अप्रैल को लू के हालात बनने की संभावना जताई गई है, जिससे प्रदेश वासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. डॉ अर्चना सिंह ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है. बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
