बुलंदशहर: बर्थडे पार्टी में ताबड़तोड़ फायरिंग, सिर में गोली लगने से 3 की मौत; मुंह पर केक लगाने को लेकर हुआ था विवाद

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर (खुर्जा) में जन्मदिन पार्टी के दौरान मामूली "केक विवाद" खूनी संघर्ष में बदल गया. जिम में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन दोस्त की सिर में गोली लगने से मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है.

बुलंदशहर में बर्थडे पार्टी में ताबड़तोड़ फायरिंग से तीन दोस्त की मौत

बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी उस समय खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई, जब जब मामूली सी बात पर दोस्तों ने एक-दूसरे पर गोलियां चला दीं. ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन दोस्त की सिर में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना खुर्जा क्षेत्र के नेहरूपुर चुंगी स्थित सुभाष रोड पर मौजूद एक जिम के अंदर की बताई जा रही है.

जानकारी के मुताबिक, जिम में जीतू नाम के युवक का जन्मदिन मनाया जा रहा था. पार्टी में उसके कई दोस्त शामिल थे और हंसी-खुशी का माहौल था. इसी बीच, दोस्तों ने जीतू के चेहरे पर केक लगाना शुरू कर दिया. इसपर जीतू भड़क गया और उसकी आपस में दोस्तों से कहा सुनी होने लगी, जो कि देखते ही देखते बवाल में बदल गई और फायरिंग होने लगी.

हमलावरों ने सिर को निशाना बनाकर दागीं गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने सीधे सिर को निशाना बनाकर गोलियां दागीं. इस गोलीबारी में मनीष सैनी आकाश सैनी और अमरदीप को सिर में गोली लगी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही खुर्जा नगर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया.

घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. फिलहाल, एसपी देहात अंतरिक्ष जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल घटना स्थल और आसपास तैनात हैं. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है और मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. साथ ही आरोपी युवकों की तलाश में आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है.

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित

एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि खुर्जा पुलिस को तीन लोगों को गोली लगने की सूचना मिली थी, जहां तत्काल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घायलों का अस्पताल भिजवाया लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई है जो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं.

फिलहाल पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और हर पहलू की जांच भी कर रही है. प्रारंभिक जांच में मामला बर्थडे पार्टी में चेहरे पर केक लगाने को लेकर सामने आ रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल कर रही है. इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है.

रिपोर्ट- सुमित शर्मा टीवी9, बुलंदशहर

Follow Us