एंबुलेंस के गड्ढे में गिरते ही लौटी ‘ब्रेन डेड’ महिला की सांस, अंतिम संस्कार की चल रही थी तैयारी, डॉक्टर हैरान

पीलीभीत की एक महिला को डॉक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया था. अंतिम संस्कार के लिए परिजन उन्हें अस्पताल से घर ला रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एंबुलेंस सड़क पर बने गड्ढे में जा पड़ी. महिला के शरीर को एक झटका लगा. अचानक से महिला की सांस लौट आई. डॉक्टर्स भी इस मामले पर हैरानी जता रहे हैं.

ब्रेन डेड हो चुकी महिला की ऐसे बची जान

पीलीभीत से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां की एक महिला को डॉक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया था. परिजन उसके अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे थे. लेकिन दौरान महिला की सांस वापस लौट आई. 14 दिनों तक अस्पताल में बिताने के बाद वह स्वस्थ होकर घर लौट आई हैं.

क्या है पूरा मामला?

पीलीभीत के गोकुलपुरम कॉलोनी की रहने वाली विनीता शुक्ला 22 फरवरी को अचानक घर में बेहोश होकर गिर पड़ीं. परिजन तुरंत उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया. इसके बाद परिवार उन्हें बरेली के एक बड़े निजी अस्पताल में ले गया.

डॉक्टरों ने बताया था ब्रेन डेड

अस्पताल में विनीता को दो दिन तक वेंटिलेटर पर रखा गया. डॉक्टरों के मुताबिक शरीर में कोई हरकत नहीं थी. हाथ-पैर और आंखों की पुतलियां भी फैल चुकी थीं .डॉक्टरों ने परिवार को बताया कि मरीज ब्रेन डेड जैसी स्थिति में है और वेंटिलेटर हटाते ही मौत हो सकती है. डॉक्टरों की सलाह पर परिजन उन्हें घर के लिए लेकर निकल पड़े.

अचानक महिला को आ गई सांस

24 फरवरी को उनके पति कुलदीप शुक्ला एंबुलेंस से उन्हें घर लेकर जा रहे थे. घर पर अंतिम संस्कार की तैयारी भी कर ली गई थी. रिश्तेदार और आसपास के लोग भी अंतिम विदाई के लिए घर पर जुट चुके थे. इसी दौरान रास्ते में एंबुलेंस सड़क पर बने गड्ढे में जा पड़ी. महिला के शरीर को एक झटका लगा . परिजनों ने देखा कि सांस चलने लगी. यह देखकर परिवार तुरंत उन्हें अंतिम संस्कार स्थल पर ले जाने के बजाय पीलीभीत के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा.

14 दिन बाद स्वस्थ होकर लौटी घर

पीलीभीत के डॉक्टर राकेश न्यूरो सिटी हॉस्पिटल में महिला का तुरंत इलाज शुरू किया. करीब 14 दिन तक इलाज चलने के बाद उनकी हालत में लगातार सुधार हुआ .आखिरकार विनीता शुक्ला पूरी तरह ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौट आईं. यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. लोग इसे चमत्कार मान रहे हैं, जबकि डॉक्टर इसे गंभीर मेडिकल स्थिति के बाद अचानक रिकवरी का मामला बता रहे हैं.

(रिपोर्ट: हरिपाल सिंह)

Follow Us