गजब! पुलिस भर्ती परीक्षा में छात्रों के मुंह में मेटल डिटेक्टर डालकर की चेकिंग- Video
जौनपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की अनूठी चेकिंग का वीडियो वायरल हुआ है. नकल रोकने के लिए मुंह में मेटल डिटेक्टर डालकर जांच की गई, साथ ही अंडरवियर और जूते-मोजे भी उतरवाए गए. इस कठोर तरीके पर कुछ अभ्यर्थी जांच की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहे हैं.
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई. कुल 32,679 पदों के लिए करीब 21.92 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी. कड़े पहरे के बीच परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद में प्रवेश मिला. उनके जूते पहनने और घड़ी पहनने पर सख्ती से रोक थी. वहीं, जौनपुर में परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की अनूठी चेकिंग का वीडियो वायरल हुआ है.
जौनपुर में परीक्षा के अंतिम दिन बुधवार को केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले. इस दौरान पुलिस चेकिंग का एक अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें परीक्षा केंद्र पर सुरक्षाकर्मी छात्रों के मुंह के अंदर मेटल डिटेक्टर मशीन से चेकिंग करते नजर आ रहे हैं. यहां तक की अंडर वियर के अंदर भी मशीन से चेकिंग की गई.
जांच की प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवाल
जौनपुर नगर के साजिदा गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की तीन स्तरीय जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया. मुंह के अंदर मेटल डिटेक्टर मशीन से चेकिंग की गई, अंडर वियर के अंदर मशीन से चेकिंग की गई. जूते मोजे उतरवाकर चेकिंग करने के बाद अंदर प्रवेश दिया गया. मुंह के अंदर मेटल डिटेक्टर मशीन वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में सुरक्षा कर्मियों द्वारा अभ्यर्थियों की गहन जांच करते हुए देखा जा सकता है. वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग इसे नकल रोकने के लिए आवश्यक कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ अभ्यर्थी जांच की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहे हैं.
करीब 25% उम्मीदवार परीक्षा में शामिल नहीं हुए
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रदेशभर में बनाए गए 1183 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित कराई गई. कुल 32,679 पदों के लिए करीब 29 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से लगभग 21.92 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. यानी 75.94 प्रतिशत उपस्थिति रही जबकि करीब 25% उम्मीदवारों ने परीक्षा छोड़ दी.
