UP में एक और एनकाउंटर, एक लाख का इनामी बदमाश आसिम अली उर्फ विक्की ढेर

उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश आसिफ को मुठभेड़ में मार गिराया. पुलिस के अनुसार, अंबेडकरनगर में घेराबंदी के दौरान आसिफ ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. आसिफ पर हत्या, डकैती, लूट, गैंगस्टर समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार चल रहा था.

आसिफ पर हत्या, डकैती, लूट, गैंगस्टर और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज थे

उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ जारी अभियान के बीच स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है. एक लाख रुपये के इनामी और कई संगीन मामलों में वांछित अपराधी आसिम अली उर्फ विक्की मंगलवार सुबह एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया. पुलिस के अनुसार आसिम अली उर्फ विक्की पर हत्या, डकैती, लूट, गैंगस्टर और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज थे. लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी और उसके सिर पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था.

पुलिस के मुताबिक, एसटीएफ को इनपुट मिला था कि इनामी अपराधी आसिम अली उर्फ विक्की अंबेडकरनगर क्षेत्र में आने वाला है. सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने इलाके में घेराबंदी की. जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ ने भी गोली चलाई, जिसमें आसिम अली उर्फ विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

एक लाख का इनामी था आसिम अली उर्फ विक्की

आसिम अली उर्फ विक्की, उत्तर प्रदेश पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था. उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस का कहना है कि वह लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था. एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगी थीं. आखिरकार खुफिया सूचना के आधार पर उसकी लोकेशन मिलने के बाद कार्रवाई की गई. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आसिम अली उर्फ विक्की पर हत्या, डकैती सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे.

आसिम अली उर्फ विक्की लंबे समय से संगठित अपराध से जुड़ा हुआ था और विभिन्न जिलों में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज थे. पुलिस का दावा है कि उसकी गतिविधियों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहता था. योगी सरकार अपराध और माफिया के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई का दावा करती रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.

आपराधिक नेटवर्क की भी होगी जांच

पुलिस अब आसिम अली उर्फ विक्की के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच करेगी.उसके संपर्क में रहने वाले लोगों, सहयोगियों और जिन मामलों में उसकी भूमिका रही है, उन सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी. यह भी जांच की जा रही है कि वह किन-किन गिरोहों से जुड़ा था और उसके खिलाफ दर्ज मामलों में अन्य कौन-कौन आरोपी शामिल हैं. सूत्रों के मुताबिक, उसके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.

Follow Us