UP में बदलेगा मौसम का मिजाज! गर्मी फिर दिखाएगी तेवर, 2 से 3 डिग्री तक चढ़ेगा पारा
उत्तर प्रदेश में अगले 2-3 दिनों में दिन के तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी का अनुमान है, जिससे गर्मी और उमस बढ़ सकती है. हालांकि, रात का तापमान सामान्य रहेगा. वहीं, प्रदेश में कोई बड़ा चेतवानी नहीं है, लेकिन पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में बारिश के बाद एक बार फिर गर्मी बढ़ सकती है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे ऊपर जाएगा. हालांकि, इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है. यानी अगले कुछ दिनों में दिन के समय लोगों को बढ़ती गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है.
न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं
दिन के तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद रात के मौसम में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. न्यूनतम तापमान अगले कुछ दिनों तक लगभग सामान्य बना रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
बारिश के बाद तापमान बढ़ने से कई इलाकों में उमस भी बढ़ सकती है. दिन में धूप निकलने के साथ गर्मी का असर ज्यादा महसूस होने की संभावना है. ऐसे में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी जा सकती है.
वाराणसी-प्रयागराज समेत इन जिलों में बूंदाबांदी
मौसम विभाग ने वैसे तो बारिश को लेकर कई चेतावनी जारी नहीं की है. लेकिन सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, प्रयागराज, बस्ती, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, कौशांबी, चित्रकूट, समेत आसपास के इलाके में कुछ स्थानों पर बादल छाए रहेंगे. इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है.
इसके अलावा, यूपी के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. मौसम केंद्र लखनऊ के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, इसके बाद अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. पूर्वी यूपी में 11 और 12 सितंबार को मौसम फिर से करवट लेगा और कई जगहों पर बारिश हो सकती है. ऐसे में प्रदेश में मौसम पर नजर बनी हुई है.
फिलहाल मौसम विभाग की नजर तापमान में होने वाले बदलाव पर बनी हुई है. अगले दो से तीन दिनों में पारे में होने वाली बढ़ोतरी के बाद मौसम का रुख किस तरह रहता है, यह आगे के पूर्वानुमान में साफ होगा.
