अब रॉकेट की स्पीड से होगा आधार का काम, यूपी के 59 जिलों में खुलेंगे हाई-टेक केंद्र, लंबी लाइनों से भी मुक्ति

उत्तर प्रदेश में अब तक सिर्फ 12 जिलों में आधार के काम को लेकर हाईटेक केंद्र हैं. अब सरकार 59 और जिलों में ऐसे सेंटर खोलने जा रही है. माना जा रहा है ऐसा होने के बाद आधार के काम में और तेजी आएगी और लंबी-लंबी लाइनों से छुटकारा मिलेगा.

59 नए जिलों में खुलेंगे हाईटेक आधार सेंटर

अगर आपका आधार कार्ड गुम हो गया है, बच्चे का नया आधार बनवाना है या पुराना अपडेट करवाना है तो अब ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है. उत्तर प्रदेश में अगले तीन महीनों में 59 नए सरकारी आधार सेवा केंद्र (Aadhaar Seva Kendra) खुलने जा रहे हैं. ये केंद्र सीधे UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) चलाएगा. इनमें 16-16 मशीनें लगेंगी. यानी आधार का काम अब रॉकेट की स्पीड से होगा.

अभी सिर्फ 12 जिलों में थे ये हाई-टेक केंद्र

फिलहाल यूपी के केवल 12 बड़े जिलों. लखनऊ, कानपुर नगर, वाराणसी, आगरा, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, मुरादाबाद, गौतम बुद्ध नगर और गोंडा में ही ये सरकारी आधार सेवा केंद्र थे. बाकी जिलों में आपको बैंक या डाकघर जाना पड़ता था, जहां सिर्फ 2-4 मशीनें होने से लंबी-लंबी लाइनें और घंटों इंतजार करना पड़ता था. अब 59 और जिलों में खुलेंगे ये सेंटर.

कुल 71 जिलों में सुविधा

नए केंद्र खुलने के बाद पूरे यूपी के 71 जिलों में ये हाई-कैपेसिटी आधार केंद्र हो जाएंगे. सिर्फ चार छोटे जिले चित्रकूट, बागपत, महोबा और ललितपुर छूट रहे हैं, वहां के लोग आस- पास के जिले में सुविधा ले सकेंगे. बता दें हाई-कैपेसिटी आधार केंद्र खुलने से आधार के किसी भी काम में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा.

59 जिलों में जल्द खुलेंगे नए आधार सेवा केंद्र

ये आधार सेवा केंद्र अलीगढ़, अम्बेडकर नगर, अमेठी, अमरोहा, औरैया, अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बाराबंकी, बरेली, बस्ती, बिजनौर, बदायूं, बुलंदशहर, चंदौली, देवरिया, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, गाजीपुर, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, हाथरस, जौनपुर, झांसी, कन्नौज, कानपुर देहात, कासगंज, कौशांबी, लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, महाराजगंज, मैनपुरी, मथुरा, मऊ, मिर्ज़ापुर, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रायबरेली, रामपुर, संभल, संत कबीर नगर, संत रविदास नगर (भदोही), शाहजहांपुर, शामली, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, सोनभद्र, सुल्तानपुर, उन्नाव, फर्रुखाबाद, बांदा, फतेहपुर, बलरामपुर, बलिया और जालौन में खोले जाएगे.

हर केंद्र में 4 से 16 मशीनें – बड़े जिलों में 16 मशीनें

  • एक दिन में सैकड़ों लोगों का काम हो सकेगा
  • बायोमेट्रिक अपडेट, नया आधार, मोबाइल-ईमेल लिंक सब कुछ एक छत के नीचे
  • बैंक-डाकघर की छोटी मशीनों से अब छुटकारा
  • बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा राहत

UIDAI के उपमहानिदेशक ने क्या कहा?

UIDAI के उपमहानिदेशक प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि समीक्षा में पता चला कि कई जिलों में आधार से जुड़े काम के लिए और केंद्रों की जरूरत है. इसलिए 59 नए केंद्र तीन चरणों में खोले जा रहे हैं. इससे लाखों लोगों को बहुत बड़ी सुविधा मिलेगी. अब अपडेट करवाने जाने पर लंबी लाइन और “कल आना” सुनने की टेंशन खत्म हो जाएगी.

Follow Us