PM मोदी के दौरे से पहले काशी पहुंचे CM योगी; तैयारियां परखीं, महिला सम्मेलन पर दिए ये निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में पीएम मोदी के आगामी दौरे और महिला सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया. साथ ही पीएम मोदी के नारी शक्ति से संवाद को लेकर महिलाओं के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करने को भी कहा.

वाराणसी में समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ Image Credit:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को वाराणसी के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह 50 हज़ार से ज्यादा महिलाओं को संबोधित करेंगे. साथ ही वाराणसी को ₹7000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. वहीं, प्रधानमंत्री के आगमन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार शाम वाराणसी पहुंचे, और तैयारियों का जायजा लिया.

सीएम योगी ने सर्किट हाउस में प्रधानमंत्री के संभावित वाराणसी दौरे को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिये. उन्होंने कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. रूट डाइवर्जन की बेहतर व्यवस्था के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को परेशानी न होने पाए.

जुलाई के पहले सप्ताह तक स्टेडियम का काम होगा पूरा

बैठक में प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम के दौरान लोकार्पित एवं शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं के बाबत मंडलायुक्त एस. राजलिंगम द्वारा पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी गई. मुख्यमंत्री ने रोप-वे, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए समयबद्ध तेजी से कार्य कराये जाने का निर्देश दिया.

गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण युद्धस्तर पर किया जा रहा है. मंडलायुक्त ने बताया कि जुलाई के प्रथम सप्ताह तक स्टेडियम का कार्य पूर्ण करा लिया जायेगा. इसके अलावा सीएम योगी ने मणिकर्णिका घाट और दालमंडी के सड़क चौड़ीकरण का कार्य में तेजी लाते हुए गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराने का निर्देश दिया.

सिग्नेचर ब्रिज के साथ इन परियोजनाओं का शिलान्यास

सीएम योगी ने महिला सम्मेलन के दृष्टिगत सभी तैयारियां समय से पूर्ण करा लिये जाने के निर्देश दिए. कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के आवागमन की समुचित व्यवस्था के साथ ही वाहनों के पार्किंग, पेयजल आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित रहे. उन्होंने साथ ही शहर में स्ट्रीट डॉग एवं छुट्टे पशुओं को आश्रय स्थलों में रखे जाने का निर्देश दिया.

पीएम मोदी, नारी शक्ति से संवाद करने के अलावा, अपने संसदीय क्षेत्र को करीब 7000 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे. वाराणसी को सिग्नेचर ब्रिज के शिलान्यास के साथ-साथ गंगा किनारे रामनगर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सहित कई परियोजनाएं मिलेंगी. इसमें अमृत 2.0 योजना के तहत 814 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजनाओं भी शामिल हैं.

Follow Us