यूपी में आज भी जमकर बरसेंगे बादल, ओलावृष्टि और आंधी पानी से बढ़ेंगी लोगों की मुश्किलें

नए पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ों पर सक्रिय होने का असर मैदानी इलाकों पर दिख रहा है. यूपी में आज भी अच्छी-खासी बारिश का अलर्ट है. इस दौरान आंधी-पानी और ओलावृष्टि की आशंका है, जो लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं.

यूपी में बारिश

यूपी में बारिश के चलते ठंड की फिर से वापसी हो गई है. प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. मंगलवार 27 जनवरी की तरह आज भी मौसम में गलन बरकरार रहेगी. बारिश का आसार बना रहेगा. इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है.

इस वजह से पारे में आ रही गिरावट

फिलहाल, नए पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ों पर सक्रिय होने का असर मैदानी इलाकों पर दिख रहा है. प्रदेश में इसी के चलते पारे में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई. मौसम की स्थिति देखते हुए आईएमडी ने लोगों को बाहर जाने से पहले गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है. साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने को कहा है.

एक और दो फरवरी को फिर से बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में बादल छाए रह सकते हैं. हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी. इसके चलते ठंड और बढ़ सकती है. मौसम विभाग ने एक और दो फरवरी को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है. दरअसल, 30 जनवरी की रात को पहाड़ों पर फिर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. इसका असर 31 जनवरी की देर रात से शुरू होगा. ऐसे में एक या दो फरवरी को यूपी में मध्यम से तेज बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है.

बरेली रहा सबसे ठंडा जिला

पिछले 24 घंटे के दौरान बरेली सबसे ठंडा जिला रहा. यहां न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. फिर शाहजहांपुर में 6.8, गोरखपुर में 6.9, बहराइच में 7, मेरठ में 7.9 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं, अधिकतम तापमान की बात करें तो अयोध्या में सबसे ज्यादा 26 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. फिर वाराणसी में 25.1, प्रयागराज में 25, गोरखपुर में 24.1 और गाजीपुर में 24 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.

Follow Us