पहले FIR, अब दे रही नीले ड्रम की धमकी; पत्नी पीड़ित पति ने उठाया खौफनाक कदम
उत्तर प्रदेश के बदायूं में पत्नी के उत्पीड़न से तंग आकर एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया, जिसकी हालत गंभीर है. युवक का आरोप है कि पत्नी की प्रताड़ना और पुलिस की निष्क्रियता ने उसे यह खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर किया. पहले दर्ज FIR पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. परिवार ने पुलिस पर भी सहयोग न करने का आरोप लगाया है.
उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां अपनी ही पत्नी से पीड़ित एक युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आत्मदाह करने का प्रयास किया. गनीमत रही कि परिवार वालों को समय रहते खबर हो गई. आनन फानन में आग बुझाकर युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस की पूछताछ में युवक ने सनसनीखेज खुलासे किए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मामला बदायूं में वजीरगंज थाना क्षेत्र के वार्ड 10 का है. पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाले युवक मनोज मिश्रा ने साल 2020 में एक युवती के साथ प्रेम विवाह किया था. इससे पहले दोनों लंबे समय तक रिलेशन में भी रहे थे. पीड़ित के मुताबिक शुरू में तो सबकुछ ठीक था, लेकिन बाद में उसकी पत्नी गाहे बगाहे थाने पहुंचकर उसके और उसके परिवार वालों के खिलाफ शिकायत देने लगी. इससे वह परेशान हो गया था.
पिता ने पुलिस पर लगाए आरोप
मनोज के पिता डॉ. शिवओम मिश्रा के मुताबिक मनोज की पत्नी नदवारी गांव की रहने वाली नीतू है. वह शुरू में तो केवल पुलिस कंपलेंट करती थी, लेकिन अब मनोज के साथ मारपीट और उसे नीले ड्रम में पैक करने की धमकी देने लगी थी. इस संबंध में उनके बेटे ने पुलिस में शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. वहीं पुलिस ने नीतू की शिकायत लेकर उल्टा मनोज के साफ फोन पर अभद्रता की. यहां तक कि पुलिस ने मनोज पर मकान खाली करने का दबाव तक बनाया.
थक हारकर लिया जान देने का फैसला
डॉ. शिवओम मिश्रा के मुताबिक उनका बेटा अपनी पत्नी की प्रताड़ना से तंग आ चुका था. कोई रास्ता समझ में नहीं आने पर ही उसने आत्मदाह करने का फैसला किया. उन्होंने बताया कि बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से उसे हॉयर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है. घटना के बाद से मनोज के परिवार वाले सदमे में हैं. उधर, पुलिस मामले की जांच का दावा कर रही है.
