बहराइच: रामगांव पुलिस की हिरासत में युवक की मौत, थाना प्रभारी समेत दो पर हत्या का मुकदमा
बहराइच के रामगांव थाने में पुलिस हिरासत में एक मेडिकल स्टोर संचालक की मौत हो गई. परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया. वहीं, बढ़ते दबाव के बीच, रामगांव थाना प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है.
बहराइच में रामगांव पुलिस की हिरासत में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है. यह खबर फैलते ही ग्रामीणों ने नाराजगी जताए हुए थाने का घेराव कर दिया. परिजनों ने पुलिस पर दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप लगाया है. वहीं, बढ़ते मामले को देखते हुए रामगांव थानाध्यक्ष समेत दो पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक का नाम राकेश चंद्र श्रीवास्तव उर्फ गोपाल था. वह रेहुआ मंसूर गांव का रहने वाला था, रामगांव थाने से कुछ दूरी पर उनका मेडिकल स्टोर था. फिलहाल, रामगांव थाने के बाहर तनाव का माहौल है, मौके पर कई थाने की फोर्स और पीएसी के जवान तैनात हैं. वहीं, रामगांव थाने में तैनात पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गए हैं.
मुंह से झाग आ रहा था, पुलिस बोले घर ले जाओ
बताया जा रहा है कि पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप के गुरुवार शाम छह बजे युवक को हिरासत में लिया था. परिजनों का आरोप है कि कई बार जब वह थाने जाकर प्रकरण की जानकारी करना चाहे तो पुलिसकर्मियों ने गाली देकर भगा दिया. रात नौ बजे जब वह फिर थाने गए तो राकेश चंद्र अचेतावस्था में पड़े थे. उनके मुंह से झाग निकल रहा था.
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हे घर ले जाने को कहा. आनन-फानन में परिजन युवक को मेडिकल कालेज अस्पताल बहराइच लेकर पहुंचे. यहां पर इमरजेंसी में चिकित्सक डा. शिवम मिश्र ने युवक को मृत घोषित कर दिया. मौत की जानकारी पर परिवार और ग्रामीण आक्रोशित होकर बड़ी संख्या में थाने पहुंचे. देर रात से ही बड़ी बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर डटे हैं.
थानाध्यक्ष और आरक्षी पर हत्या का मुकदमा दर्ज
सूचना पर एएसपी नगर अशोक कुमार भी मौके पहुंचे. कई थानों की पुलिस और पीएसी के जवान को बुलाया गया. आक्रोशित ग्रामिण पुलिसकमियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे. एएसपी ग्रामीण ने बताया कि मामले में थानाध्यक्ष गुरुसेन सिंह और आरक्षी पवन यादव पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले की जांच कराई जा रही है.
रिपोर्ट- अनिल तिवारी, टीवी9
