प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार डाला, फिर 2 बच्चियों को लेकर हुई फुर्र

इटावा में रणवीर नाम के एक युवक की हत्या कर दी गई. इसका आरोप लगा उसकी पत्नी पर, जिसने अवैध प्रेम प्रसंग के चलते अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घात उतार दिया. इसके बाद अपने दो बच्चों को लेकर भी फुर्र हो गई.

इटावा पति की कुल्हाड़ी से हत्या

इटावा के पड़ियापुर गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. 45 वर्षीय रणवीर सिंह यादव की उनके ही घर में कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोप है कि इस वारदात को उनकी पत्नी पूजा ने अपने प्रेमी अर्पित के साथ मिलकर अंजाम दिया. हत्या के बाद पूजा दोनों बच्चों को लेकर फरार हो गई, जिससे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है.

रात के सन्नाटे में घर के अंदर वारदात

पुलिस के मुताबिक रणवीर सिंह यादव की हत्या देर रात उस वक्त की गई, जब वह घर में मौजूद थे. हमलावरों ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. सुबह होते ही जब घटना की जानकारी गांव में फैली तो लोग सन्न रह गए और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए.

प्रेम संबंध बना खूनी साजिश की वजह

मृतक के भाई लालू ने बताया कि रणवीर की शादी साल 2018 में पूजा से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही पूजा का अर्पित नाम के युवक से प्रेम संबंध हो गया था. इस बात को लेकर परिवार में कई बार विवाद हुआ, लेकिन कोई हल नहीं निकला. परिजनों का आरोप है कि इसी प्रेम प्रसंग के चलते पूजा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटा दिया.

दो मासूम बच्चियों को लेकर पत्नी फरार

रणवीर सिंह यादव की दो छोटी बच्चियां हैं. हत्या के बाद पूजा दोनों बच्चियों को अपने साथ लेकर घर से फरार हो गई. इस घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है. पुलिस को शक है कि आरोपी कहीं दूर भागने की फिराक में हैं.

फॉरेंसिक जांच शुरू, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही भरथना थाना पुलिस, उच्च अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं और हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.