फौजी की पत्नी से लेना था बदला, पड़ोसन ने रच डाली खौफनाक साजिश; उरई लूट केस में 6 अरेस्ट
जालौन के उरई में फौजी के घर हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में एक महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. चौंकाने वाली बात यह है कि पड़ोस में रहने वाली महिला ने यह साजिश रची थी. उसका फौजी की पत्नी से विवाद था, जिसका बदला लेने के लिए यह कदम उठाया.
जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र में सेना के जवान के घर हुई डकैती मामले में सनसनीखोज खुलासा हुआ है. पुलिस ने पड़ोस की एक महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन सभी ने मिलकर फौजी की पत्नी, बेटे और बेटी के साथ मारपीट की, घर में बंधक बनाया और बंदूक के दम पर लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लूट लिए थे.
कोतवाली उरई पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने जिस महिला को गिरफ्तार किया है, उसने फौजी की पत्नी से बदला लेने के लिए इस बड़ी साजिश को अंजाम दिया था. आरोपियों के कब्जे से 66 हजार रुपये नकद, आभूषण, एक राउटर, एक डीवीआर, दो सब्बल, चार तमंचे और 315 बोर के सात जिंदा कारतूस बरामद हुए.
जवान ड्यूटी पर, परिवार को बंधक बनाकर लूटा
उरई पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि 19 फरवरी 2026 को उरई क्षेत्र में तैनात आर्मी जवान सुरजीत के घर डकैती की घटना सामने आई थी. घटना के समय जवान बाहर ड्यूटी पर थे और घर में उनकी पत्नी पिंकी व बच्चे मौजूद थे. बदमाशों ने परिवार के साथ मारपीट कर घर से नगदी व आभूषण लूट लिए थे.
पीड़िता पिंकी की तहरीर पर कोतवाली उरई में धारा 310(2)/317(3) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया. पुलिस टीमों ने लगातार छानबीन की. इसी क्रम में 23 फरवरी की रात गश्त और आरोपियों को दबोचा गया.
फौजी की पत्नी से साल 2024 में हुआ था विवाद
एसपीडॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर की पर इकलासपुरा चौराहे के पास श्मशान घाट के पीछे कच्चे रास्ते से छह संदिग्धों को घेरकर पकड़ा गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खलक सिंह उर्फ खेमा, कल्लू राजपूत, सुरेन्द्र राजपूत, वीर सिंह, अमित राजपूत और दुर्गा देवी (मूल निवासी जालौन, वर्तमान निवासी उरई) के रूप में हुई.
पुलिस पूछताछ में पकड़ी गई महिला दुर्गा देवी ने बताया कि वह वर्ष 2024 में फौजी सुरजीत और उसकी पत्नी पिंकी के पड़ोस में किराये पर रहती थी. उसी दौरान उसके घर कुछ लोगों का आना जाना रहता था, इसको लेकर पिंकी से विवाद हो गया था. जनवरी 2026 में उसने मकान खाली करने के बाद अपने साथियों के साथ बदला लेने की योजना बनाई.
आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी
आरोपियों ने पहले परिवार की आर्थिक स्थिति का अंदाजा लगाया, फिर घर की रेकी की और 18/19 फरवरी की रात मिलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया. एसपी ने बताया कि आरोपियों ने लूट की रकम में से करीब 20 हजार रुपये खर्च कर दिए थे और कुछ गहने बेचकर 66 हजार रुपये प्राप्त किए थे. सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
